हिंदी
कौन हैं नितिन नबीन
New Delhi: भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। पार्टी ने नितिन नबीन सिन्हा को अपना नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन अब राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की अहम जिम्मेदारी निभाएंगे। उनकी नियुक्ति 14 दिसंबर 2025 से तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
नितिन नबीन सिन्हा कायस्थ समुदाय के एक प्रमुख भारतीय राजनीतिज्ञ और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। वह दिग्गज भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा के पुत्र हैं। राजनीति में सक्रिय रहते हुए उन्होंने संगठन और सरकार-दोनों स्तरों पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। वर्तमान में वह बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री के रूप में कार्यरत हैं।
नितिन नबीन पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से पिछले पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। साल 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने करीब 84 हजार वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में उन्होंने अभिनेता-नेता शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को भारी मतों से हराया था। वहीं पुष्पम प्रिया चौधरी को भी करारी हार का सामना करना पड़ा था।
नितिन नबीन का राजनीतिक सफर वर्ष 2006 से शुरू हुआ, जब उन्होंने उपचुनाव जीतकर विधानसभा में कदम रखा। पिता के निधन के बाद उन्होंने सियासी विरासत को संभाला और 2010, 2015, 2020 के बाद 2025 में भी जीत दर्ज की। 9 फरवरी 2021 को नीतीश कुमार सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में उन्हें पहली बार पथ निर्माण मंत्री बनाया गया। इसके अलावा वह भाजयुमो के राष्ट्रीय महासचिव भी रह चुके हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नितिन नबीन को संगठनात्मक अनुभव, मजबूत जमीनी पकड़ और प्रशासनिक क्षमता के चलते यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा का मानना है कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर से जारी संगठनात्मक आदेश में कहा गया है कि नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि वह अब राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं में इस नियुक्ति को लेकर उत्साह का माहौल है और इसे भाजपा संगठन के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।
Location : New Delhi
Published : 14 December 2025, 5:52 PM IST
Topics : Bihar News BJP news Nitin Nabin Patna News