हिंदी
Road Accident
Patna: पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। परेव लेखनटोला पुल के पास रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे एक टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टेंपो में सवार सभी लोग मनेर में आयोजित उर्स मेला देखकर भोजपुर जिला स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान परेव लेखनटोला पुल के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को टक्कर मार दी।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को आनन-फानन में पीएमसीएच पटना रेफर किया गया। इलाज के दौरान सोमवार सुबह एक और घायल ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई। फिलहाल 2 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
ओडिशा के दिग्गज नेता Naveen Patnaik की बिगड़ी तबीयत, निजी अस्पताल में कराया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं, सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अस्पताल भेजा गया है।
बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह ट्रक की तेज रफ्तार सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Patna School Fire: पटना आवासीय विद्यालय में आग का कहर, धुएं से 10 छात्राएं बेहोश; मचा हड़कंप
इस भीषण सड़क हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। एक ही पल में घर के चिराग बुझ जाने से गांव और परिवारों में मातम पसरा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और घायलों के बेहतर इलाज की मांग की है।
Location : Patna
Published : 1 February 2026, 3:07 PM IST