हिंदी
एसपी रामानंद कौशल का बड़ा खुलासा
West Champaran : क्रिप्टोकरेंसी निवेश और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए लोगों को झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का बगहा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी के नेतृत्व में साइबर थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान यह सामने आया कि आरोपित DSJ Exchange, BG Wealth Sharing और USDT क्रिप्टो निवेश जैसी योजनाओं के माध्यम से लोगों को कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर ठगी कर रहे थे।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह के सदस्य व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप बनाकर लोगों को अपने नेटवर्क से जोड़ते थे। इसके बाद ऑनलाइन ट्रेडिंग, नेटवर्क मार्केटिंग और मल्टी-लेवल निवेश योजनाओं में पैसा लगाने के लिए प्रेरित किया जाता था। निवेशकों से बड़ी रकम जमा कराने के बाद उन्हें आकर्षक रिटर्न का झूठा भरोसा दिया जाता था।
Cyber Fraud: दो मिनट में 15 लाख रिक्वेस्ट… CBSE री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर बड़ा साइबर अटैक
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से पांच मोबाइल फोन, एक डायरी तथा कई महत्वपूर्ण डिजिटल दस्तावेज बरामद किए हैं। जांच में कई संदिग्ध लिंक, फर्जी मोबाइल एप्लिकेशन, कोड, व्हाट्सएप चैट और टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ी जानकारियां भी मिली हैं। पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भृगुनाथ दीक्षित, हीरा साह, पप्पू कुमार, राजू गुप्ता और श्याम सुंदर चौधरी के रूप में हुई है। इस संबंध में साइबर थाना बगहा में कांड संख्या 13/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी ऑनलाइन निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें और अवास्तविक मुनाफे के दावों से सतर्क रहें। साइबर ठगी से बचाव के लिए जागरूकता और सावधानी ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।
Location : West Champaran
Published : 4 June 2026, 6:10 PM IST
Topics : Bagaha Bihar News cyber fraud gang West Champaran