हिंदी
युवती का शव मिलने से गांव में मचा हड़कंप (Img: Dynamite News)
West Champaran: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत पिपरासी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी। तीन दिन से लापता 18 वर्षीय किशोरी का शव गांव के सरेह में एक शीशम के पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला।
घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू से मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान भिलोरवा टोला निवासी मुनिलाल सहनी की 18 वर्षीय पुत्री चुलबुली उर्फ गुड़िया के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को वह गांव की चार-पांच अन्य लड़कियों के साथ मवेशियों के लिए चारा काटने खेत की ओर गई थी। शाम होने पर उसके साथ गई सभी लड़कियां घर लौट आईं, लेकिन गुड़िया वापस नहीं पहुंची। परिवार ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। लगातार तीन दिन तक खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली, तब परिवार की चिंता और बढ़ गई।
शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोग सरेह में मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक शीशम के पेड़ से लटके शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि शव गांव की लापता किशोरी का है। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पूरे गांव में शोक और सन्नाटा फैल गया।
ये भी पढ़ें- बगहा में दहशत: एक ही घर से निकले दो फन फैलाए कोबरा, परिवार में मची अफरा-तफरी, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही पिपरासी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है ताकि घटना से जुड़े हर पहलू की जानकारी जुटाई जा सके।
पिपरासी थानाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि किशोरी का शव पेड़ से लटका मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया है कि पारिवारिक विवाद के बाद किशोरी मंगलवार को घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी।
ये भी पढ़ें- विरोध के बाद फिर चला पैमाइश का फीता; जानिए क्यों बगहा के इस जमीन विवाद पर टिकी हैं सबकी नजरें
पुलिस का कहना है कि अगर परिजनों की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है तो उसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
Location : Bagaha
Published : 31 July 2026, 5:54 PM IST