मौत के मुंह से खींच लाया! ऋषिकेश में तेज धारा में बह रहे पर्यटक का रोंगटे खड़े कर देने वाला रेस्क्यू, वीडियो हुआ वायरल

ऋषिकेश में कयाक गाइड रोहित लखेरा ने अपनी जान पर खेलकर गंगा की तेज धारा में डूब रहे एक पर्यटक का सफल रेस्क्यू किया। सोशल मीडिया पर इस जांबाजी का वीडियो खूब वायरल हो रहा है और लोग गाइड की बहादुरी को सलाम कर रहे हैं।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 12 June 2026, 12:08 PM IST
google-preferred

Rishikesh: एडवेंचर नगरी ऋषिकेश में वाटर एक्टिविटी के दौरान एक पर्यटक के साथ एक ऐसी घटना घटी, जो किसी के भी रोंगटे खड़े कर दे। गंगा नदी की तेज और ठंडी जलधारा में एक सैलानी अचानक संतुलन खो बैठा और डूबने लगा। वह पानी की सतह पर बने रहने के लिए बुरी तरह संघर्ष कर रहा था।

उसी समय वहां मौजूद एक स्थानीय कयाक (एक छोटी नाव) गाइड रोहित लखेरा की नजर उस पर पड़ी। रोहित ने बिना एक पल गंवाए अपनी कयाक बोट को पूरी ताकत से भगाया और उस डूब रहे पर्यटक तक पहुंच गए।

रेस्क्यू के दौरान पानी में गिरे जांबाज रोहित

जब रोहित डूब रहे सैलानी के पास पहुंचे, तो बेसुध हो चुका पर्यटक घबराहट में उनकी छोटी नाव को पकड़कर सहारा लेने लगा। चूंकि कयाक बोट बेहद हल्की होती है और वह केवल एक व्यक्ति का भार संभालने के लिए बनी होती है, इसलिए रोहित ने सैलानी को अपने साथी की बोट पर हाथ रखने को कहा। लेकिन डर और घबराहट के कारण पर्यटक ने रोहित की ही बोट को कसकर पकड़ लिया। इसका परिणाम यह हुआ कि बोट पलट गई और रेस्क्यू करने गए रोहित खुद भी उफनते पानी में गिर गए।

मंदिर के गर्भगृह में आखिर क्या हुआ? श्रद्धालु और पुलिसकर्मी की बहस का वीडियो वायरल, विंध्यधाम में मचा हड़कंप

हिम्मत नहीं हारी और किनारे तक पहुंचाया

गंगा की तेज लहरों में गिरने के बाद भी रोहित ने हौसला नहीं खोया। उन्होंने पानी के भीतर संघर्ष करते हुए किसी तरह दोबारा अपनी कयाक बोट पर सवार होने में कामयाबी हासिल की। इसके बाद उन्होंने अपने एक अन्य साथी गाइड की मदद से उस बदहवास पर्यटक को सुरक्षित नदी के किनारे पत्थरों तक पहुंचाया। बचाए जाने के बाद पर्यटक इतना भावुक और कृतज्ञ था कि वह पत्थरों पर गिरते-फिसलते हुए रोहित के पैर छूने की कोशिश करने लगा और आदरपूर्वक उनकी कयाक बोट को अपने माथे से लगा लिया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, जनता कर रही सलाम

इस पूरे रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर @seahawkadventuresn नाम के अकाउंट से पोस्ट किया गया है। कयाक गाइड रोहित और उनकी टीम के इस त्वरित एक्शन की इंटरनेट पर जमकर तारीफ हो रही है। वीडियो को अब तक 52 लाख से अधिक व्यूज, 1 लाख 36 हजार से ज्यादा लाइक्स और हजारों कमेंट्स मिल चुके हैं।

सब्र का बांध टूटा तो कैमरामैन ने सिखाया सबक: वेडिंग फोटोशूट में बार-बार सामने आ रही लड़की का मोबाइल फेंका, वीडियो वायरल

लोग कमेंट सेक्शन में रोहित को 'नारायण का रूप' और 'असली हीरो' बताकर सलाम कर रहे हैं। हालांकि, गाइड की टीम का दावा है कि पर्यटक नशे में धुत था, जिसके कारण वह खुद को संभाल नहीं पा रहा था, लेकिन इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह घटना यह सबक देती है कि पानी में उतरते समय सुरक्षा नियमों का पालन बेहद जरूरी है।

Location :  Rishikesh

Published :  12 June 2026, 12:08 PM IST

Advertisement