वृंदावन के श्री गिरिराज सेवा ट्रस्ट पर कब्जे के लिए भू-माफियाओं ने की मारपीट व बवाल

मथुरा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। श्री गिरिराज सेवा ट्रस्ट, वृंदावन, मथुरा के चेयरमैन राधेश्याम शास्त्री ने एक पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया है कि कुछ भू-माफिया ट्रस्ट की जमीन को हड़पना चाहते हैं और इसको लेकर 25 जनवरी को मारपीट की गई। पूरी खबर

Updated : 2 February 2026, 7:45 PM IST

Mathura:जनपद के सुप्रसिद्ध श्री गिरिराज सेवा ट्रस्ट, वृंदावन, मथुरा के चेयरमैन राधेश्याम शास्त्री ने एक पत्रकार वार्ता में बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ भू-माफिया श्री गिरिराज सेवा ट्रस्ट की जमीन को हड़पना चाहते हैं और इसी नीयत को लेकर 25 जनवरी को इन भूमाफियों ने जमकर मारपीट की और बवाल काटा। राधेश्याम शास्त्री ने पुलिस प्रशासन से इस मामले की जांच करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

श्री गिरिराज सेवा ट्रस्ट, वृंदावन, मथुरा के चेयरमैन राधेश्याम शास्त्री ने पत्रकार वार्ता में कहा है कि मेरा 40 वर्षों का जीवन पूर्णतः बेदाग और निष्कलंक रहा है। पिछले चार दशकों से मैं देश-विदेश में श्रीमद्भागवत कथा का वाचन कर रहा हूँ। बड़ी संख्या में मेरे श्रद्धालु एवं भक्त हैं। प्रभु की कृपा और भक्तों के सहयोग से वर्ष 2007 में मैंने अपने पूज्य पिता के नाम से श्री गिरिराज सेवा ट्रस्ट की स्थापना की थी, जिसमें कुल आठ ट्रस्टी हैं। जिसमें एक को छोड़ सभी ट्रस्टी एकमत हैं, जबकि केवल एक व्यक्ति—भगवती प्रसाद केडिया, निवासी कोलकाता—आपराधिक प्रवृत्ति और लालचवश ट्रस्ट तथा उसकी एक भूमि पर अवैध कब्जा करना चाहता है। केडिया की मंशा है कि मैं उसके डर और दबाव में आकर ट्रस्ट छोड़ दूँ, ताकि वह उस पर कब्जा कर सके।

आधा दर्जन लोगों पर आरोप

महराजगंज कोर्ट का बड़ा फैसला: नाबालिग की इज्जत लूटने वाले को 20 साल की कैद, जज की बातें सुनकर फूट-फूटकर रोने लगा आरोपी

उन्होंने कहा कि 25 जनवरी को मैं अपने पुत्र के साथ वृंदावन से बाहर झारखंड राज्य में कथा के लिए गया हुआ था। उसी दिन मेरे परिवार को जानकारी मिली कि भगवती प्रसाद केडिया ने भू-माफियाओं के साथ मिलकर ट्रस्ट की भूमि पर कब्जा करने के उद्देश्य से आधा दर्जन गुंडों को वहाँ भेजा। उनका आरोप है कि इन लोगों में हेमंत जैन, उमाशंकर शर्मा, गौरीशंकर धाम वृंदावन के कथावाचक शिवम साधक तथा भू-माफिया केडी शर्मा शामिल थे। इस दौरान भगवती प्रसाद केडिया स्वयं अपनी गाड़ी में बैठा रहा। इन अपराधियों और भूमाफियाओं के साथ कुछ महिलाएँ भी मौजूद थीं।

हंगामा, गुंडागर्दी और मारपीट

उन्होंने कहा कि श्री गिरिराज सेवा ट्रस्ट की वृंदावन स्थित इस भूमि पर मेरी गौशाला, प्याऊ, लगभग दस गौ-माताएँ तथा गौ-सेवक 24 घंटे निवास करते हैं। परिसर में CCTV कैमरे भी लगे हुए हैं। 25 जनवरी को इन सभी लोगों ने मौके पर पहुँचकर जमकर हंगामा किया और गुंडागर्दी करते हुए मारपीट की। इस पूरी घटना के वीडियो और फोटो साक्ष्य हमारे पास मौजूद हैं, जिन्हें जिला प्रशासन को उपलब्ध करा दिया गया है। मारपीट की मेडिकल रिपोर्ट भी जिला प्रशासन को सौंपी जा चुकी है। मैं जिला प्रशासन से मांग करता हूँ कि भगवती प्रसाद केडिया, हेमंत जैन, उमाशंकर शर्मा, शिवम साधक तथा केडी शर्मा सहित सभी भूमाफियाओं के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाए।

केडिया के खिलाफ एक दर्जन मुकदमे

श्री शास्त्री ने कहा कि हैरानी की बात यह है कि आपराधिक प्रवृत्ति के भगवती प्रसाद केडिया के विरुद्ध राजस्थान के चिड़ावा, पिलानी आदि क्षेत्रों में लगभग एक दर्जन मुकदमे एवं एफआईआर दर्ज हैं। वह एक आदतन अपराधी है और ट्रस्टों तथा अन्य लोगों की जमीन हड़पना उसकी पुरानी आदत रही है। उसके विरुद्ध स्कूल हड़पने, धोखाधड़ी, जालसाजी और गुंडागर्दी के मामले विभिन्न न्यायालयों में लंबित हैं।

ट्रस्ट को भी हड़पने का प्रयास

श्री शास्त्री का आरोप है कि वह चिड़ावा स्थित आदर्श विद्या मंदिर चैरिटेबल ट्रस्ट को भी हड़पने का प्रयास कर रहा है। उसके स्वयं के बेटे-बहू से विवाद चल रहा है और उसने उन्हें अपनी संपत्ति से बेदखल कर दिया है। जिसका स्वयं का पारिवारिक और सामाजिक जीवन मारपीट, लालच, लूट-खसोट और विवादों से भरा हो, वही व्यक्ति मेरे जैसे निष्कलंक जीवन जीने वाले व्यक्ति को बदनाम करने के लिए झूठे और अनर्गल आरोप लगा रहा है, ताकि मैं उसके दबाव में आकर श्री गिरिराज सेवा ट्रस्ट छोड़ दूँ।

आरोपी कई मामलों में जमानत पर

श्री शास्त्री ने बताया कि भगवती प्रसाद केडिया को खोजने राजस्थान पुलिस बार-बार जा रही है। इसके खिलाफ अदालत से वारंट जारी है और वह कभी भी जेल जा सकता है। भाइयों की संपत्ति हड़पने तथा आदर्श विद्या मंदिर चैरिटेबल ट्रस्ट में गबन के मामलों में वह वर्तमान में कई मुकदमों में जमानत पर है। चिड़ावा थाना क्षेत्र में उसके विरुद्ध एफआईआर संख्या 350/2015 दर्ज है। उसने आदर्श विद्या मंदिर चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष ओम जी शर्मा के जाली हस्ताक्षर कर स्कूल की जमीन और भवन हड़पने के उद्देश्य से उन पर झूठा मुकदमा भी दर्ज कराया है। उसकी मानसिकता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि काजड़ा गांव में संयुक्त परिवार की सांझी हवेली में जहाँ पितरों का पेंडा और पूजा होती थी, उस स्थान को तुड़वाकर उसने शौचालय बनवा दिया। उसने अपने पितरों तक का सम्मान नहीं किया। सगे भाइयों की मृत्यु पर वह सूतक तक नहीं मानता।

कौशांबी की दो बड़ी सड़कों पर DM की सख्ती, निर्माण एजेंसियों को दिया साफ संदेश

भूमाफियाओं का जाना होगा जेल

भगवती प्रसाद केडिया एक मक्कार, धूर्त, बेईमान और कपटी व्यक्ति है, जिसे केवल दूसरों की जमीन हड़पने, झूठे आरोप लगाने और फर्जी मुकदमों में फंसाकर लोगों को परेशान करने से ही मतलब है। लेकिन मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूँ कि अब उसकी मक्कारी अधिक दिन नहीं चलेगी। उसे और उसके भूमाफिया साथियों को कानून के अनुसार जेल जाना होगा।

पूरे प्रकरण की हो निष्पक्ष जांच

उन्होंने कहा कि मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूँ कि मेरे द्वारा लगाए गए सभी आरोप मेरे पास उपलब्ध दस्तावेजों, प्रत्यक्ष सूचनाओं पर आधारित हैं। संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विभिन्न स्थानों पर दर्ज मामलों और न्यायालयीन कार्यवाहियों की जानकारी सार्वजनिक रिकॉर्ड में उपलब्ध है, जिनका उल्लेख मैंने अपनी शिकायत में तथ्यों के रूप में किया है। मेरा उद्देश्य किसी व्यक्ति की मानहानि करना नहीं है, बल्कि श्री गिरिराज सेवा ट्रस्ट की संपत्ति, उसकी गतिविधियों और वहाँ रहने वाले पशुओं एवं सेवकों की सुरक्षा सुनिश्चित कराना है। मैं जिला प्रशासन और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से निवेदन करता हूँ कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि पाई जाती है तो कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।

श्री शास्त्री ने अंत में कहा कि मुझे भारत की न्यायिक व्यवस्था और प्रशासन पर पूर्ण विश्वास है। मैं आशा करता हूँ कि निष्पक्ष जांच के पश्चात सत्य सामने आएगा और ट्रस्ट को किसी भी प्रकार नुकसान से संरक्षण प्राप्त होगा।

 

Location : 
  • Mathura

Published : 
  • 2 February 2026, 7:45 PM IST