कौन हैं उत्तराखंड की महिला कैबिनेट मंत्री…जिनके पति ने बिहार की लकड़ियों का किया 20-25 हजार रुपये में सौदा!

उत्तराखंड में महिला मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के वायरल बयान ने बड़ा सियासी विवाद खड़ा कर दिया है। विपक्ष ने इसे महिला विरोधी सोच बताया है, जबकि आरजेडी ने भी कड़ा ऐतराज जताया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 2 January 2026, 2:53 PM IST
google-preferred

Uttarakhand: उत्तराखंड की सियासत में एक बार फिर ऐसा बयान सामने आया है, जिसने महिला सम्मान, सुरक्षा और सोच पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने सत्ता के गलियारों में खलबली मचा दी है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के मुंह से निकले शब्दों ने ऐसा तूफान खड़ा किया कि सरकार से लेकर संगठन तक कटघरे में खड़े नजर आ रहे हैं। मामला सिर्फ एक बयान का नहीं, बल्कि उस मानसिकता का है, जो महिलाओं को लेकर सत्ता के आसपास पनपती दिख रही है।

वायरल वीडियो से भड़का सियासी बवाल

वायरल वीडियो में गिरधारी लाल साहू यह कहते सुने जा रहे हैं कि अगर शादी नहीं हो रही है तो 20-25 हजार में बिहार से लड़की खरीद लो। वीडियो सामने आते ही यह बयान आग की तरह फैल गया। उत्तराखंड की राजनीति में पहले से ही अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा सरकार विपक्ष के निशाने पर रही है। ऐसे में एक कैबिनेट मंत्री के पति का यह बयान सरकार के लिए नई मुश्किल बन गया है।

Uttarakhand: जोशीमठ के आर्मी कैंप में लगी भीषण आग; ITBP, फायर ब्रिगेड रेसक्यू में जुटे

विपक्ष का तीखा हमला, महिला विरोधी सोच का आरोप

कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों ने इस बयान को लेकर भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। विपक्ष का कहना है कि यह बयान किसी एक व्यक्ति की निजी सोच नहीं, बल्कि सत्ता से जुड़े लोगों के भीतर मौजूद उस मानसिकता को उजागर करता है, जो महिलाओं को वस्तु समझने से बाज नहीं आती। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जिस सरकार में महिला सशक्तिकरण की जिम्मेदारी संभालने वाली मंत्री के परिवार से ऐसी भाषा सामने आए, वह महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की बात कैसे कर सकती है।

कांग्रेस प्रवक्ता सुजाता पाल का बयान

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुजाता पाल ने इस बयान को बेहद शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि यह भाजपा और उससे जुड़े लोगों की असली सोच को उजागर करता है। सुजाता पाल ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी मामले में सरकार की असफलता पहले ही सामने आ चुकी है और अब इस तरह के बयान सरकार की संवेदनहीनता को और उजागर करते हैं। कांग्रेस ने भाजपा नेतृत्व से इस पूरे मामले पर स्पष्ट रुख अपनाने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

फिर विवादों में आया पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड, जेसन गिलेस्पी ने लगाए सनसनीखेज आरोप; जानें क्यों?

RJD भी मैदान में उतरी

मामला उत्तराखंड तक सीमित नहीं रहा। राष्ट्रीय जनता दल ने भी इस बयान पर कड़ा ऐतराज जताया। आरजेडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा और संघ से जुड़े लोगों की बिहार की महिलाओं को लेकर ऐसी घृणित सोच बार-बार सामने आती रही है। पार्टी ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से इस मुद्दे पर स्पष्टीकरण मांगा और भाजपा नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाए।

साहू की सफाई और पुराने विवाद

विवाद बढ़ने के बाद गिरधारी लाल साहू ने एक वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और वह सिर्फ एक दोस्त के विवाह से जुड़ा किस्सा सुना रहे थे। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया। हालांकि साहू का नाम पहले भी कई विवादों से जुड़ चुका है। उनके खिलाफ डबल मर्डर केस और अपने नौकर की किडनी निकलवाने जैसे गंभीर आरोप सामने आ चुके हैं, जिसने इस ताजा विवाद को और भी संवेदनशील बना दिया है।

रेखा आर्य के बारे में

रेखा आर्य उत्तराखंड की भारतीय राजनीतिज्ञ हैं। जिनका जन्म 15 दिसंबर 1978 को हुआ। वह अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की विधायक हैं, यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। वर्तमान में वह उत्तराखंड सरकार में महिला एवं बाल कल्याण मंत्री हैं। रेखा आर्य सोमेश्वर, अल्मोड़ा की निवासी हैं और उनका विवाह गिरधारी लाल साहू से हुआ है। उन्होंने कुमाऊं विश्वविद्यालय (नैनीताल) से M Com और वर्ष 2002 में B Ed की पढ़ाई पूरी की। 2014, 2017 और 2022 में उन्होंने सोमेश्वर सीट से जीत दर्ज की। जबकि 2012 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

Location : 
  • Uttarakhand

Published : 
  • 2 January 2026, 2:53 PM IST

Advertisement
Advertisement