Uttarakhand News: आत्मनिर्भरता की मिसाल; पुष्पा पढ़ालनी ने मेहनत और लगन से की फूड यूनिट स्थापित

मोटाहल्दू की पुष्पा पढ़ालनी ने मेहनत और लगन से फूड यूनिट स्थापित कर महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम की है। उनकी उपलब्धि राज्य सरकार की योजनाओं की सफलता को भी दिखाती है। अब पुष्पा पढ़ालनी का यह प्रयास न केवल उनकी आर्थिक स्वतंत्रता का आधार बन चुका है बल्कि सालाना लगभग ₹6,00,000 की आमदनी का जरिया भी है।

Uttarakhand: उत्तराखंड में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का असर अब जमीन पर साफ दिखाई दे रहा है। नैनीताल के मोटाहल्दू की निवासी पुष्पा पढ़ालनी इसका जीवंत उदाहरण हैं।

उत्तराखंड सरकार की REAP परियोजना के तहत उन्हें ₹75,000 की वित्तीय मदद मिली। इसके साथ उन्होंने खुद ₹75,000 का निवेश किया और बैंक से ₹1,50,000 का ऋण लेकर कुल ₹3,00,000 की पूंजी से अपने घर पर फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की।

इस यूनिट में पुष्पा पढ़ालनी अपने समूह की अन्य महिलाओं के साथ मिलकर मांस की बड़ी, उड़द दाल की बड़ी, मुगौड़ी, अचार और चिप्स जैसे पारंपरिक और पौष्टिक उत्पाद तैयार करती हैं। इनके उत्पाद स्थानीय बाजारों, हिलांस स्टोर, मेलों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेचे जा रहे हैं।

अब पुष्पा पढ़ालनी का यह प्रयास न केवल उनकी आर्थिक स्वतंत्रता का आधार बन चुका है बल्कि सालाना लगभग ₹6,00,000 की आमदनी का जरिया भी है। खर्चों को निकालने के बाद उन्हें करीब ₹3,00,000 की शुद्ध बचत होती है।

पुष्पा पढ़ालनी की यह उपलब्धि उनकी मेहनत और लगन के साथ-साथ राज्य सरकार की योजनाओं की सफलता को भी दिखाती है। वह आज समाज के लिए प्रेरणा हैं और साबित करती हैं कि जब अवसर और संकल्प मिलते हैं तो किसी भी महिला के लिए आत्मनिर्भर बनना असंभव नहीं है।

यह कहानी राज्य सरकार के उस प्रयास की गूंज है, जो महिलाओं को स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की नई दिशा दे रहा है।

 

 

Location :