हिंदी
नैनीताल की यादों में खोए प्रवीण कुमार
Haldwani: भारतीय क्रिकेटर टीम के पूर्व स्विंग विशेषज्ञ प्रवीण कुमार रविवार को नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित गौलापार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूरे स्टेडियम परिसर का निरीक्षण किया और वहां मौजूद सुविधाओं को करीब से देखा। उन्होंने पिच, आउटफील्ड, प्रैक्टिस एरिया और खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
स्टेडियम भ्रमण के दौरान प्रवीण कुमार ने क्रिकेट को लेकर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद जरूरी हैं। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और वे बड़े मंच के लिए खुद को तैयार कर सकते हैं।
प्रवीण कुमार ने हल्द्वानी और नैनीताल से अपने पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा कि यह इलाका उनके लिए हमेशा खास रहा है। उन्होंने बताया कि वे पहले भी यहां कई टूर्नामेंट खेलने आ चुके हैं। नैनीताल के बजरी मैदान में खेले गए मुकाबले, झील के किनारे लगाए गए लंबे शॉट और भोटिया मार्केट में अंडे खाने की यादें आज भी उनके दिल के करीब हैं।
T20 World Cup 2026: भारत के खिलाफ पाकिस्तान की बड़ी साजिश, जाने क्या है पूरा मांजरा?
जब उनसे युवा खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्रिकेट या किसी भी खेल में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने कहा कि मेहनत को अपनी आदत बनाना होगा और असफलता से डरना नहीं चाहिए। चयन आज नहीं होता तो कल होगा, लेकिन मेहनत और धैर्य कभी नहीं छोड़ना चाहिए।
बातचीत के दौरान प्रवीण कुमार ने बताया कि वे भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हों, लेकिन खेल से उनका रिश्ता आज भी कायम है। उन्होंने मेरठ में अपना निजी क्रिकेट ग्राउंड तैयार कराया है, जहां वे नियमित रूप से अभ्यास करते हैं और फिटनेस पर ध्यान देते हैं।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार
पूर्व तेज गेंदबाज ने यह भी खुलासा किया कि वे जल्द ही एक बार फिर मैदान पर नजर आएंगे। वे ईवीसीएल टी-20 टूर्नामेंट में ‘दिल्ली नाइट्स’ टीम की ओर से खेलते दिखाई देंगे। इस टूर्नामेंट में इरफान पठान समेत कई दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
हाल ही में जारी एक वीडियो में प्रवीण कुमार को गेंदबाजी करते हुए देखा गया, जिसमें उनकी पुरानी रफ्तार और स्विंग की झलक साफ नजर आई। क्रिकेट प्रेमियों के बीच यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उन्हें एक बार फिर खेलते देखने को लेकर उत्साहित हैं।
T20 World Cup 2026: भारत से नहीं भिड़ेगा पाकिस्तान, 15 फरवरी के महामुकाबले पर सस्पेंस!
प्रवीण कुमार का यह दौरा स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक रहा। उनके अनुभव और सुझाव युवा खिलाड़ियों के लिए मार्गदर्शन साबित हो सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के दौरों से क्षेत्रीय क्रिकेट को मजबूती मिलती है।
Location : Haldwani
Published : 2 February 2026, 7:39 PM IST