हिंदी
नैनीताल में नैनी झील के किनारे 108 फीट ऊंचा तिरंगा लगाने की योजना तैयार की जा रही है। नगर पालिका झील के आसपास तिरंगे रंग की रोशनी से क्षेत्र को सजाने की तैयारी कर रही है, जिससे पर्यटन को नया आकर्षण मिलेगा। पढ़ें पूरी खबर
नैनी झील किनारे 108 फीट ऊंचा तिरंगा
नैनीताल: पर्यटन नगरी नैनीताल में शहर की सुंदरता और पहचान को नया आयाम देने की दिशा में नगर पालिका एक खास योजना पर काम कर रही है। प्रस्तावित योजना के तहत नैनी झील के किनारे 108 फीट ऊंचा तिरंगा स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। इस पहल का मकसद शहर के सौंदर्य को और आकर्षक बनाना है, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को एक अलग अनुभव मिल सके।
तिरंगे के रंगों वाली रोशनी से सजाया
योजना के अनुसार, झील के आसपास लगे बिजली के खंभों को भी तिरंगे के रंगों वाली रोशनी से सजाया जाएगा। शाम होते ही पूरा क्षेत्र केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी से जगमगाता दिखाई देगा, जिससे झील के आसपास का माहौल बेहद आकर्षक बन जाएगा।
Crime In UP: गोरखपुर में जानलेवा हमले के 4 आरोपी ऐसे आये गिरफ्त में
पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र
खास बात यह है कि जब ये रंगीन रोशनी झील के पानी पर पड़ेगी तो उसका प्रतिबिंब एक अलग ही दृश्य तैयार करेगा। यह नजारा पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बन सकता है और रात के समय झील क्षेत्र की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाएगी।
प्रारंभिक स्तर पर प्रस्ताव तैयार
नगर पालिका प्रशासन का मानना है कि इस योजना के लागू होने के बाद नैनीताल की छवि और भी बेहतर होगी। इससे यहां आने वाले सैलानियों की संख्या में भी इजाफा होने की उम्मीद है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा के अनुसार इस परियोजना को लेकर प्रारंभिक स्तर पर प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। आगे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे अमल में लाया जाएगा, ताकि नैनीताल को पर्यटन के लिहाज से और अधिक आकर्षक बनाया जा सके।