कैंची धाम जाने वालों के लिए बड़ी खबर, नया ट्रैफिक प्लान लागू; जानिये यात्रा और दर्शन पर बड़ा अपडेट

नैनीताल पुलिस ने वीकेंड पर कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में बढ़ती भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान लागू किया है। यात्रा से पहले पूरी व्यवस्था जान लें।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 26 June 2026, 4:49 PM IST

Nainital: उत्तराखंंड के जिले नैनीताल पुलिस के अनुसार, शनिवार और रविवार को कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में जाम की स्थिति से बचने और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।

भारी वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था

पुलिस ने बताया कि अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर क्वारब और खैरना से रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहन अपने निर्धारित मार्ग से ही गुजर सकेंगे। अन्य भारी वाहनों को यातायात का दबाव बढ़ने पर भवाली के मस्जिद तिराहे पर रोका जाएगा या फिर रामगढ़ और खुटानी मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

निजी वाहनों के लिए पार्किंग और शटल सेवा

भीमताल मार्ग से कैंची धाम आने वाले निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम और भवाली तक पहुंचाया जाएगा। इसी तरह गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहनों को भवाली स्थित सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। वहां से आगे की यात्रा शटल सेवा के जरिए कराई जाएगी।

टैक्सी और दोपहिया वाहनों पर भी रहेगी रोक

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। इन सभी वाहनों को सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। इसके बाद यात्रियों को शटल सेवा के माध्यम से मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।

पुलिस ने लोगों से की सहयोग की अपील

नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और वाहन चालकों से ट्रैफिक प्लान का पालन करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन करने से सभी को सुरक्षित, सुगम और जाम मुक्त यात्रा का लाभ मिलेगा।

Location :  Nainital

Published :  26 June 2026, 4:49 PM IST