हिंदी
गोरापड़ाव डकैती केस में बड़ा खुलासा
Nainital: जिले में हल्द्वानी के गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर हुई लाखों रुपये की डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने अब दूसरा बड़ा खुलासा किया है। मामले में पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। अब पुलिस ने घटना में शामिल चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों के कब्जे से चार अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस, 18 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल क्रेटा व स्कॉर्पियो वाहन बरामद किए गए हैं।
दरअसल, 19 अगस्त को गोरापड़ाव, तीनपानी स्थित एक ऑफिस और गैराज में 10-12 हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश करीब आठ लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और सोने की तीन चेन व अंगूठी समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली में 10 अज्ञात हथियारबंद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित की थीं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की।
पुलिस ने 21 अगस्त को वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद घटना में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही थीं।
अब दूसरे चरण की कार्रवाई में पुलिस ने यश सिडाना को 23 अगस्त को हल्द्वानी से, अमनदीप सिंह और शिवराज सिंह को 22 अगस्त को दिल्ली के डीएनडी फ्लाईओवर जैतपुर मोड़ से तथा अफजल मलिक को 23 अगस्त को किच्छा से गिरफ्तार किया।
यश सिडाना के कब्जे से क्रेटा कार और 315 बोर का तमंचा व दो जिंदा कारतूस, अमनदीप सिंह से स्कॉर्पियो कार, 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस, शिवराज सिंह से 315 बोर का तमंचा व एक कारतूस तथा अफजल मलिक से 18 हजार रुपये नकद, 12 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने डकैती की घटना में अपनी संलिप्तता बताई है।
इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस डकैती में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल ने 2,500 रुपये के पुरस्कार से टीम को सम्मानित किया है।
Location : Nainital
Published : 24 August 2026, 3:00 AM IST