हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Nainital: नैनीताल के मुक्तेश्वर क्षेत्र के भवाली मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक तेंदुए ने अचानक आईबीआरआई में कार्यरत कर्मचारी पर हमला कर दिया। घटना ने स्थानीय लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है और वन विभाग के गश्त बढ़ाने की मांग तेज़ हो गई है।
घटना के अनुसार आईबीआरआई परिसर में तैनात कर्मचारी सुखदेव रोज की तरह स्कूटी से बाज़ार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह शीतला मोटर मार्ग से नीचे उतर रहे थे, घने जंगल से निकले एक तेंदुए ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया। हमले के दौरान शोरगुल होने पर तेंदुआ दुबारा जंगल की ओर भाग गया, लेकिन तब तक सुखदेव के सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर उसके नाखूनों से गहरे घाव हो चुके थे।
घायल कर्मचारी को पास के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके सीने पर चोट के निशान की पुष्टि की है। चिकित्सकों के अनुसार हमला गंभीर हो सकता था, लेकिन समय रहते तेंदुए के पीछे हट जाने से बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग घने जंगल से घिरा है और अक्सर यहां जंगली जानवरों की हलचल बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराई जाए ताकि अंधेरा होने पर जंगली जानवरों का खतरा कम हो सके।
Nainital: नरेश पाण्डे पर पुलिस ने कसा शिकंजा, हथियारबंद बाउंसरों के सहारे क्षेत्र में दिखाता था रौब
आईबीआरआई के फॉरेस्ट रेंजर भूपेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि संस्थान के एक कर्मचारी पर तेंदुए के हमले की सूचना मिली है। विभाग की टीम मौके की परिस्थितियों की जांच कर रही है और आसपास के जंगल क्षेत्र में निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
Location : Nainital
Published : 28 May 2026, 6:34 PM IST