
जेल परिसर में खतरनाक प्लान फेल
Nainital: हल्द्वानी जेल परिसर के पास बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की कथित साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस ने पीछा कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखने और CCTV फुटेज खंगालने के बाद उनकी पहचान की गई और 25 अगस्त को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, बाजपुर निवासी अराज सिंह सिद्धू 24 अगस्त को अपने मित्र से मिलने हल्द्वानी जेल आया था। इसी दौरान आरोप है कि सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति सिल्वर रंग की वरना कार से उसका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने साजिश के तहत युवक को जान से मारने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके पास अवैध हथियार होने की आशंका है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सुरागरसी-पतारसी के साथ ही CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ बावा पुत्र रोशन लाल निवासी बेरिया दौलत, बाजपुर, उम्र 24 वर्ष, मानव वाट पुत्र सरनजीत सिंह निवासी दोराहा, बाजपुर, उम्र 24 वर्ष और गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन पुत्र सुगदेव सिंह निवासी बांसखेड़ी, केलाखेड़ा, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। सौरभ बावा और गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन के खिलाफ पूर्व में हत्या, शस्त्र अधिनियम के साथ ही मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं मानव वाट के खिलाफ भी हत्या तथा मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
“मां सो रही है…” 10 साल के बेटे को धमकाकर भागा पति, नैनीताल में खौफनाक वारदात से मचा हड़कंप
इस मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपी जतिन्द्र सिंह को 24 अगस्त को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस के अनुसार जतिन्द्र सिंह के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ था।
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के विश्लेषण और त्वरित कार्रवाई के चलते तीनों आरोपियों को समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे संभावित आपराधिक घटना को होने से पहले ही रोक दिया गया। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
नैनीताल में मिलावट और कालाबाजारी करने वालों की खैर नहीं, प्रशासन ने उठाया ये बड़ा कदम
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नैनीताल पुलिस संगीन और संगठित अपराधों के साथ ही आपराधिक गैंग पर लगातार नजर रख रही है। जेल परिसर, न्यायालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह सागर, उपनिरीक्षक राम सिंह अधिकारी, उपनिरीक्षक भुवन सिंह राणा समेत कोतवाली हल्द्वानी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Location : Nainital
Published : 27 August 2026, 5:31 AM IST
Topics : crime news Haldwani News Nainital News Police news