मैं अभी बरेली होकर आता हूं…” इतना कहकर निकला मेडिकल स्टोर संचालक, रहस्यमय ढंग से हुआ लापता

हल्द्वानी का एक मेडिकल स्टोर संचालक घर से बरेली जाने की बात कहकर निकला, लेकिन तीन दिन बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे हल्द्वानी से बरेली तक तलाश में जुटी है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 3 August 2026, 4:37 PM IST

Haldwani: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक मेडिकल स्टोर संचालक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। तीन दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस हल्द्वानी से लेकर बरेली तक सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जबकि परिजनों ने उसकी सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा से भी मुलाकात की है।

बरेली जाने के लिए निकले थे मेडिकल स्टोर संचालक

जानकारी के अनुसार, चौफुला चौराहे के पास किराए के मकान में रहने वाले और नजदीक ही मेडिकल स्टोर संचालित करने वाले शिवशंकर गोस्वामी शनिवार सुबह करीब छह बजे बरेली जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने मुखानी कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई।

सीसीटीवी में नजर आए

जांच के दौरान पुलिस ने शहर के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें शिवशंकर ओके होटल के पास बरेली जाने वाली बस में सवार होते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस की एक टीम उनकी तलाश में बरेली रवाना कर दी गई। अब बरेली बस अड्डे और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि उनकी आगे की लोकेशन का पता लगाया जा सके। इसी बीच किसी ने परिजनों को सूचना दी कि शिवशंकर रामपुर रोड स्थित टांडा जंगल के पास दिखाई दिए हैं। सूचना मिलते ही परिजन वन विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।

ये भी पढ़ें- मौत के मुंह में पहुंचा तीर्थयात्री… मध्यमहेश्वर यात्रा में ट्रॉली पकड़ने से पहले नदी में गिरा श्रद्धालु, मचा हड़कंप

दो घंटे तक चला कॉम्बिंग अभियान

हल्द्वानी रेंज के रेंजर ललित जोशी के नेतृत्व में टीम ने करीब दो घंटे तक जंगल में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान जंगल के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई और बाघ द्वारा किसी व्यक्ति को उठा ले जाने की अफवाह भी फैल गई। हालांकि, जांच में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई।

आर्थिक तनाव में थे शिवशंकर

मामले में एक नया पहलू तब सामने आया जब पड़ोसियों ने बताया कि शिवशंकर पिछले कुछ समय से आर्थिक तनाव में थे। उन्होंने 29 जुलाई को अलग-अलग बैंक खातों और एटीएम से कुल 1.85 लाख रुपये निकाले थे। इतना ही नहीं, लापता होने से एक दिन पहले उनके गूगल-पे पर रुपये लौटाने से जुड़ा एक संदेश भी आया था। इसके बाद परिजनों ने पूरे मामले की गहराई से जांच की मांग की है।

ये भी पढ़ें- जन्मदिन पर घर लौटने की जगह पहुंची मौत की खबर… कैंची धाम गए प्रिंस के साथ रास्ते में क्या हुआ?

मोबाइल नंबर भी बंद

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि शिवशंकर दो मोबाइल नंबर इस्तेमाल कर रहे थे। इनमें से एक नंबर लालकुआं और दूसरा किच्छा पहुंचने से पहले बंद हो गया था। पुलिस मोबाइल की लोकेशन, कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हर पहलू की जांच कर रही है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार शिवशंकर गोस्वामी की तलाश में जुटी हैं। बरेली जाने वाली बस में उनके सवार होने की पुष्टि हुई है और आगे की जांच भी उसी आधार पर की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।

Location :  Nainital

Published :  3 August 2026, 4:37 PM IST