हिंदी
कैंची धाम मेला फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Haldwani: कैंची धाम मेला-2026, पर्यटन सीजन और ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान कुमाऊं पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष व्यवस्था लागू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर 11 जून से 16 जून तक यात्रा और पर्यटन मार्गों से जुड़े प्रमुख शहरों में व्यापारिक प्रतिष्ठान मध्यरात्रि तक खुले रहेंगे, जिससे बाहर से आने वाले लोगों को आवश्यक सुविधाएं आसानी से मिल सकें।
यात्रा मार्गों पर आने वाले श्रद्धालुओं
पुलिस के अनुसार नैनीताल, भीमताल, भवाली, रामनगर, हल्द्वानी और काठगोदाम जैसे प्रमुख क्षेत्रों में स्थित दुकानों, भोजनालयों और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों को देर रात तक संचालन की सुविधा दी गई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यात्रा मार्गों पर आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भोजन, दवाइयां, पेयजल तथा अन्य जरूरी सामान उपलब्ध हो सके।
सांपों के बीच Video बना रहा था कपल…फिर हुआ कुछ ऐसा, देख कांप उठेंगे
सुविधाओं का भी विशेष ध्यान
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि मध्यरात्रि तक खुले रहने वाले प्रतिष्ठानों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए आम लोगों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
कैंची धाम मेले
नैनीताल पुलिस का कहना है कि कैंची धाम मेले, पर्यटन सीजन और गर्मी की छुट्टियों के दौरान जिले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
Location : नैनीताल
Published : 11 June 2026, 8:39 PM IST