हिंदी
मिलावटखोरी पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
Pauri: होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ सख़्ती बढ़ा दी है। जनपद में मिठाई, दूध, दुग्ध उत्पाद एवं फलों के रस सहित विभिन्न खाद्य एवं पेय पदार्थों के कुल 135 नमूने जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग पौड़ी के सहायक आयुक्त पी.सी. जोशी ने बताया कि होली के दौरान बाजारों में बढ़ती मांग को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर निरीक्षण एवं निगरानी बनाए हुए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि यदि लैब टेस्ट में नमूने फेल पाए गए, तो संबंधित दुकानदारों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उनके लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि विभागीय कार्रवाई के तहत पांच खाद्य व्यवसाय संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन न करने पर मामला दर्ज करने की स्वीकृति प्रदान की गयी है। वर्तमान में जनपद में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत 41 दीवानी वाद अपर जिलाधिकारी न्यायालय तथा 5 आपराधिक वाद मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय पौड़ी में विचाराधीन हैं, जिनमें न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
Iran Israel War: यूएस-इजरायल के साथ युद्ध में कूदे ये देश, जंग के बढ़ने के आसार
खाद्य सुरक्षा के सहायक आयुक्त ने बताया कि विभाग ने उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान बाजारों में अधिकांश खाद्य सामग्री पूर्व-पैक अवस्था में उपलब्ध है, इसलिए उपभोक्ता सामग्री खरीदने से पहले पैकेट पर निर्माता का नाम-पता, निर्माण तिथि एवं उपभोग की अंतिम तिथि अवश्य जांच लें तथा खरीद की रसीद अवश्य प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी खाद्य सामग्री के संबंध में शिकायत होने पर उपभोक्ता संबंधित क्षेत्र के खाद्य सुरक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत दे सकते हैं या भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में अब आसानी से करा सकेंगे MRI, ये है बेस अस्पताल की नई पहल…
आमजन की जागरूकता के लिए ‘त्वरित परीक्षण द्वारा मिलावट की पहचान’ नामक ई-पुस्तिका भी उपलब्ध है, जिसमें 120 खाद्य वस्तुओं में मिलावट की पहचान संबंधी मूलभूत जानकारी दी गई है। इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी पौड़ी रचना लाल एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कोटद्वार संदीप मिश्रा उपस्थित रहे।
Location : Pauri Garhwal
Published : 2 March 2026, 7:02 PM IST