देहरादून के विकासनगर में दबंगों ने सड़क पर जमकर हुड़दंग किया। मारपीट के बाद कार से लोगों को कुचलने की कोशिश की गई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वीडियो वायरल।

पुलिस हिरासत में आरोपी
Dehradun: उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। धर्मावाला चौक के पास, जो पुलिस चौकी से महज कुछ दूरी पर स्थित है, देर रात कुछ दबंगों ने जमकर हुड़दंग मचाया। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला एक मामूली विवाद से शुरू हुआ। आरोप है कि एक पूर्व बीडीसी सदस्य किसी बात को लेकर एक बच्चे की पिटाई कर रहा था। वहां मौजूद कुछ स्थानीय युवकों ने जब बच्चे को बचाने की कोशिश की, तो मामला और बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि बच्चे को बचाने आए युवकों पर ही आरोपी और उसके साथियों ने हमला कर दिया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और मौके पर मौजूद लोगों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान कई लोग घायल भी हुए।
घटना का सबसे खौफनाक पहलू तब सामने आया जब आरोपियों ने अपनी लग्जरी कार को हथियार बना लिया। आरोप है कि उन्होंने कार से युवकों को कुचलने की कोशिश की। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार सवार लोग सड़क पर मौजूद लोगों की जान की परवाह किए बिना तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहे हैं और अन्य वाहनों को भी टक्कर मार रहे हैं।
Road Accident: देहरादून में देर रात बड़ा हादसा, खाई में गिरी कार और फिर… पढ़ें पूरी खबर
इस दौरान मौके पर खड़ी कई गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने नशे की हालत में उत्पात मचाया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला सहसपुर थाना क्षेत्र के धर्मावाला पुलिस चौकी के पास बल्लूपुर-पौंटा साहिब नेशनल हाईवे का बताया जा रहा है। पीड़ित युवक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि यह वारदात पुलिस चौकी के बेहद करीब हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं और सख्त कार्रवाई की जरूरत है।