
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest )
Dehradun: देहरादून में ऑनलाइन सुविधाएं अब साइबर अपराधियों का सबसे बड़ा हथियार बन रही हैं। डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने या सामान्य जानकारी हासिल करने की आड़ में साइबर ठग लोगों को अपनी ठगी का निशाना बना रहे हैं।
हाल ही में सामने आए मामलों में ठगों ने क्रिकेटर अभिमन्यु ईश्वरन के पिता आरपी ईश्वरन सहित कुल आठ लोगों के बैंक खातों से 14 लाख रुपये से अधिक की रकम साफ कर दी है। पुलिस ने सभी शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ठगी की यह नई और खतरनाक तकनीक 'APK फाइल' डाउनलोड कराने से जुड़ी है। मालसी निवासी आरपी ईश्वरन ने जब ऑनलाइन डॉक्टर का अपॉइंटमेंट बुक करने की कोशिश की, तो ठगों ने उन्हें व्हाट्सएप पर एक लिंक (APK फाइल) भेजी।
जैसे ही उन्होंने ऐप डाउनलोड किया, ठगों ने उनके फोन का पूरा एक्सेस हासिल कर लिया। इसके बाद उनके खाते से तीन किस्तों में 3.19 लाख रुपये निकाल लिए गए। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अनजान स्रोतों से मिली APK फाइलों को इंस्टॉल करना फोन का पूरा नियंत्रण अपराधियों को सौंपने जैसा है।
साइबर ठगी की यह आंधी सिर्फ एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रही। क्लेमेनटाउन निवासी भारत सिंह से 2.72 लाख रुपये, सुभाषनगर के गिरीश चंद्र जोशी से 1.88 लाख रुपये, सहारनपुर चौक के उमेश कुमार से 1.50 रुपये लाख और हरिद्वार बायपास निवासी मनोज कुमार से 1.25 लाख रुपये ठगे गए।
इसके अलावा, करनपुर डालनवाला के संजीव रात्रा के खाते से बिना जानकारी के 1.44 लाख रुपये निकल गए। वहीं, पटेलनगर में नागेंद्र कुमार से ₹1.80 लाख और शिमला बायपास के गौरव अग्रवाल से 3.12 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर गड्ढों को लेकर राकेश टिकैत का बड़ा बयान, बोले-
अचानक बैंक से पैसे कटने के मैसेज मिलने के बाद अधिकांश पीड़ितों ने तुरंत एक्शन लिया। विशेषज्ञों की सलाह है कि साइबर ठगी का शिकार होते ही तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें। समय पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई रकम के होल्ड होने की संभावना बढ़ जाती है। किसी भी अनजान व्हाट्सएप लिंक से कोई भी फाइल डाउनलोड न करें।
Location : Dehradun
Published : 5 August 2026, 1:21 PM IST