दूर से दिखता साधारण टापू, पास पहुंचते ही सामने आता भीमताल का अनदेखा एक्वेरियम; जानें खासियत

नैनीताल की भीमताल झील के बीच स्थित टापू पर बना आधुनिक एक्वेरियम पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बन गया है। नाव की सवारी, रंग-बिरंगी मछलियां और शांत वातावरण सैलानियों को प्रकृति और रोमांच का अनोखा अनुभव दे रहे हैं।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 1 February 2026, 7:14 PM IST

Naintal: नैनीताल जनपद की कुमाऊं घाटी में स्थित भीमताल झील अपनी शांत और मनमोहक सुंदरता के लिए पहले से ही प्रसिद्ध है। झील के चारों ओर फैली हरियाली, ठंडी हवा और पानी का विस्तार सैलानियों को सुकून का अहसास कराता है। लेकिन इस झील के ठीक बीचोंबीच मौजूद एक छोटा-सा टापू इसकी खूबसूरती को और खास बना देता है।

झील के बीच टापू तक पहुंचने का रोमांच

इस टापू तक पहुंचने के लिए नाव से सफर करना पड़ता है, जो अपने आप में एक रोमांचक अनुभव है। जब नाव किनारे से चलकर हल्की लहरों को चीरती हुई आगे बढ़ती है, तो चारों ओर फैला शांत जल और ठंडी हवा मन को सुकून देती है। जैसे ही नाव टापू के पास पहुंचती है, सामने एक आधुनिक और सुसज्जित एक्वेरियम दिखाई देता है।

आधुनिक एक्वेरियम ने दी नई पहचान

झील के बीच स्थित इस टापू पर बना मॉडर्न एक्वेरियम अब इसकी नई पहचान बन चुका है। इस टापू को लेक हिल व्यू होटल ने प्राधिकरण से 15 साल की लीज पर लिया है। जानकारी के अनुसार होटल हर साल करीब 25 लाख रुपये का भुगतान कर इस टापू और एक्वेरियम का संचालन कर रहा है।

नैनीताल में मानसून से पहले चेतावनी: सरोवर नगरी पर मंडराया भूस्खलन का साया, सड़क पर उभरी नई दरारें

रंग-बिरंगी मछलियों की अनोखी दुनिया

एक्वेरियम के भीतर प्रवेश करते ही पर्यटक एक अलग ही दुनिया में पहुंच जाते हैं। यहां करीब 34 तरह के टैंकों में समुद्री और मीठे पानी की मछलियां रखी गई हैं। मरीन टैंकों में स्टार फिश और नेमो जैसी मछलियां बच्चों को खूब आकर्षित करती हैं, जबकि एलीगेटर फिश, वाइट एंड ब्लैक शार्क फिश और हम्पी हेड फिश बड़ों के लिए भी खास आकर्षण हैं।

झील के बीच बसी अलग दुनिया

करीब 40 प्रजातियों की मछलियों का यह संग्रह झील के बीच किसी अलग संसार जैसा महसूस होता है। पानी के चारों ओर फैले शांत वातावरण में यह एक्वेरियम पर्यटकों को प्रकृति और आधुनिकता का अनोखा संगम दिखाता है।

पर्यटकों को भा रहा है अनुभव

पर्यटक अनिल बताते हैं कि भीमताल झील के बीच बने इस टापू ने उनका मन मोह लिया। उनका कहना है कि पानी से घिरा यह शांत स्थान शहरों की भीड़भाड़ से दूर सुकून का अनुभव कराता है। वहीं एक्वेरियम के मैनेजर रविकांत शर्मा बताते हैं कि देश में बहुत कम झीलें हैं, जिनके बीच प्राकृतिक रूप से ऐसा टापू मौजूद हो।

फीस और सुविधाएं

लेक हिल व्यू होटल में ठहरने वाले इन-हाउस मेहमानों के लिए एक्वेरियम का प्रवेश निःशुल्क है। सामान्य पर्यटकों को नाव की सवारी के लिए 200 रुपये और एक्वेरियम प्रवेश के लिए 100 रुपये शुल्क देना होता है। टापू पर बना छोटा फूड सेक्शन भी सैलानियों को खासा पसंद आ रहा है।

नैनीताल में आवारा कुत्तों का आतंक: चंद महीनों में 12 हजार से ज्यादा लोगों को बनाया शिकार, सुप्रीम कोर्ट की हिदायतें बेअसर

पर्यटन को मिल रहा बढ़ावा

भीमताल झील का यह टापू अब सिर्फ एक द्वीप नहीं रहा, बल्कि यह प्रकृति, रोमांच और सुकून का ऐसा अनुभव बन चुका है, जो हर दिन सैकड़ों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है और क्षेत्रीय पर्यटन को नई ऊंचाइयां दे रहा है।

Location : 
  • Nainital

Published : 
  • 1 February 2026, 7:14 PM IST