

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आज रायबरेली के विभिन्न ब्लाकों, तहसील, व शिक्षण संस्थानों में योगाभ्यास किया गया। पढिये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी खबर
रायबरेली: 11 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अनेक ब्लाकों, तहसील, शिक्षण संस्थानों, सरकारी विभागों सहित आम लोगों ने योगाभ्यास किया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार आज महराजगंज में शनिवार को ब्लॉक सभागार में एक योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता बीडीओ वर्षा सिंह ने की। जिले से आए योगाचार्य दुर्गेश रावत और अंकिता सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को योगाभ्यास कराया।
बीडीओ वर्षा सिंह ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को योग के महत्व के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि स्वस्थ जीवन के लिए योग आवश्यक है। योग से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। यह तनाव और चिंता को दूर करने के साथ लचीलापन व सहनशक्ति की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है।
कार्यक्रम में एपीओ मनरेगा राजीव त्यागी, एडीओ पंचायत सीताराम, एडीओ आईएसबी धनेंद्र सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। विकास क्षेत्र के सफाई कर्मी भी शिविर में शामिल हुए। हालांकि, आधा दर्जन से अधिक पंचायत मंत्रियों ने शिविर में हिस्सा नहीं लिया।
डलमऊ स्थित कुंवर मुनीन्द्र सिंह महाविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने कैडेट्स को योग दिवस के इतिहास की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग दिवस का प्रस्ताव रखा था। इस प्रस्ताव को स्वीकार कर 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया।
कार्यक्रम में एनसीसी प्रशिक्षक राम सिंह यादव ने कैडेट्स को योगाभ्यास कराया। महाविद्यालय के योग अध्यापक आदित्य प्रताप सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य और टिकाऊ भविष्य के लिए योग आवश्यक है।
जगतपुर विकासखंड में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, प्राणायाम और विभिन्न आसनों का अभ्यास किया।
मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार पटेल ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया। विधानसभा संयोजक राकेश भदौरिया और संतोष तिवारी ने नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला। मंडल उपाध्यक्ष अजय त्रिपाठी ने योग को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताया। मंडल महामंत्री श्याम त्रिपाठी ने युवाओं से योग को जीवनशैली में अपनाने का आग्रह किया।
योग प्रशिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों को सही तकनीक से योगाभ्यास करना सिखाया। कार्यक्रम में सूर्य विक्रम सिंह और अरविंद मौर्य सहित कई कार्यकर्ता मौजूद
वहीं परशदेपुर नगर पंचायत कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। नगर पंचायत चेयरमैन विनोद कौशल ने कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कौशल ने योग के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार होता है। सभी प्रतिभागियों को रोजाना योग करने की सलाह दी गई।