हिंदी
ईंट भट्ठे के तालाब में मिला महिला का शव (IMG: Dynamite News)
Ballia: बलिया में एक महिला की मौत का रहस्यमयी मामला सामने आया है। मनियर नगर पंचायत में ईंट भट्ठे की खुदाई से बने तालाब में रविवार को 25 वर्षीय महिला का शव उतराता मिला। सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतका की पहचान मऊ जिले की रहने वाली बेबी चौहान के रूप में हुई है। हैरानी की बात यह है कि महिला ने कथित तौर पर शव मिलने से कुछ घंटे पहले ही एक दुकानदार के मोबाइल से अपने घर पर फोन किया था। बातचीत के दौरान उसने अपनी मां से बात कराने को कहा और यह भी कहा कि वह जिंदा है, लेकिन उसे मरा हुआ ही समझें।
यह मामला बलिया जिले के मनियर नगर पंचायत स्थित बुढ़वा बाबा स्थान के पास का है। रविवार सुबह करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने ईंट भट्ठे की खुदाई से बने तालाब में एक महिला का शव उतराता देखा। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मनियर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को तालाब से बाहर निकलवाया और उसकी पहचान कराने की कोशिश शुरू की। जांच के दौरान मृतका की पहचान मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के खरौंदा गांव निवासी बेबी चौहान (25), पुत्री प्रेमचंद चौहान के रूप में हुई।
बेटियों को ना समझें बोझ, सरकार दे रही 1-1 लाख की मदद! बलिया में सामूहिक विवाह में DM का बड़ा संदेश
प्रारंभिक जांच में पता चला कि बेबी चौहान पिछले करीब दो से तीन महीने से बुढ़वा ब्रह्म स्थान स्थित धर्मशाला में रह रही थी। वहां ठहरे अन्य यात्रियों के मुताबिक, महिला ने खुद को मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र का निवासी बताया था। धर्मशाला में रहने वाले लोगों ने पुलिस को यह भी बताया कि नवरात्र के दौरान महिला की मां वहां आई थी। बताया गया कि बाद में वह अपनी बेटी को धर्मशाला में छोड़कर चली गई थी। हालांकि, मां के वहां आने और महिला को छोड़ने की परिस्थितियों के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
इस पूरे मामले में सबसे अहम बात महिला की मौत से कुछ घंटे पहले हुई फोन पर बातचीत है। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब आठ बजे बेबी ने एक दुकानदार के मोबाइल फोन से अपने घर पर बात की थी। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान उसने अपनी मां से बात कराने को कहा। इसी दौरान उसने कथित तौर पर यह भी कहा कि वह जिंदा है, लेकिन उसे मरा हुआ ही समझें। इस बातचीत के कुछ घंटे बाद ही उसका शव तालाब में मिला।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतका के परिवार से संपर्क किया। मनियर थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी के मुताबिक, महिला के परिजनों से बात हो गई है और वे मऊ से रवाना हो चुके हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद महिला के बारे में और जानकारी जुटाई जा सकती है। पुलिस यह जानने की कोशिश करेगी कि वह पिछले कुछ महीनों से धर्मशाला में क्यों रह रही थी और परिवार के साथ उसके संबंध कैसे थे।
Location : Ballia
Published : 25 October 2026, 6:48 PM IST