
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पारिवारिक रिश्तों और भरोसे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ललौली थाना क्षेत्र में शादी के करीब सात महीने बाद पत्नी द्वारा पति के साथ रहने से इनकार करने का मामला सामने आया है। पति ने आरोप लगाया है कि पत्नी उसे ‘नामर्द’ कहकर साथ रहने से मना करती थी और किसी युवक से लगातार फोन पर बातचीत करती थी।
विवाद बढ़ने के बाद पत्नी के मायके पक्ष के लोगों के साथ ससुराल से नकदी और जेवर लेकर चले जाने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ललौली थाना क्षेत्र के एक युवक की शादी 20 फरवरी को राधानगर थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से हुई थी। युवक का आरोप है कि शादी के बाद उसकी पत्नी किसी युवक से लगातार फोन पर बातचीत करती थी। विरोध करने पर वह नाराज हो जाती थी और पति के साथ रहने से इनकार करती थी। युवक के मुताबिक, 21 जून को वह पत्नी को विदा कराने उसके मायके पहुंचा।
वहां दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई। इसके बाद पत्नी ससुराल आई। आरोप है कि 24 जून को उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जहरीला पदार्थ खाने की बात बताई। इसके बाद मायके पक्ष के लोग उसे मेडिकल कॉलेज ले गए।
मामले में असली मोड़ तब आया जब अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पत्नी अपने मायके वालों को लेकर ससुराल पहुंची। आरोप है कि यहां उसने जमकर हंगामा किया और घर में रखे लगभग 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर व 1 लाख रुपये नकद समेटकर मायके चली गई। पीड़ित पति जब अपनी फरियाद लेकर पुलिस के पास पहुंचा, तो उसकी सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसे न्याय पाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
फतेहपुर में सपा नेता राजपाल कश्यप का भाजपा पर हमला, बोले- कश्यप-निषाद समाज इस बार PDA के साथ
मामले में युवक ने पुलिस से शिकायत की। अदालत के सख्त आदेश के बाद ललौली थाना पुलिस हरकत में आई और मामले में तत्परता दिखाते हुए पत्नी और उसके मायके पक्ष के 6 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद राव ने बताया कि कोर्ट के निर्देश पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से तफ्तीश कर रही है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।
Location : Fatehpur
Published : 19 September 2026, 11:24 AM IST