हिंदी
बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य (Img: Google)
Kolkata: पश्चिम बंगाल में नया मुख्यमंत्री कौन होगा इसका फैसला आज दिल्ली में किया जाएगा। इसके फैसले के मद्देनजर खबर है कि वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी दिल्ली जा सकते हैं, जहां बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और गृहमंत्री अमित शाह समेत कई शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठक हो सकती है।
विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक सफलता के बाद अब सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है।
पार्टी के भीतर कई नामों पर गंभीर मंथन चल रहा है और कुछ प्रमुख नेता इस दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी इस रेस में सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। वे नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से चुनाव लड़े और जीत दर्ज कराई। उन्होंने भवानीपुर में ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक वोटों से हराया है जबकि, नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी ने 9 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की।
संगठनात्मक क्षमता और राजनीतिक अनुभव के कारण उन्हें एक मजबूत नेतृत्व विकल्प माना जा रहा है।
दूसरी ओर BJP के प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य भी इस सूची में शामिल हैं। RSS पृष्ठभूमि वाले भट्टाचार्य को पार्टी संगठन को मजबूत करने का श्रेय दिया जाता है। उनकी रणनीतिक भूमिका ने राज्य में BJP के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण में गुरुदेव रवींद्रनाथ का फैक्टर करेगा काम
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष भी मुख्यमंत्री पद की संभावित दौड़ में हैं। उनकी छवि एक जमीनी नेता की रही है और 2019 तथा 2021 के चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन में उनकी बड़ी भूमिका मानी जाती है। वर्तमान में वे खड़गपुर सदर से चुनाव लड़ रहे हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री निसिथ प्रमाणिक भी एक मजबूत नाम के रूप में उभर रहे हैं, जिन्होंने उत्तर बंगाल में पार्टी की पकड़ मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। वहीं, अग्निमित्रा पॉल को भी पार्टी के भीतर एक उभरते महिला चेहरे के रूप में देखा जा रहा है, जो संगठन और आंदोलन दोनों में सक्रिय रही हैं।
राष्ट्रपति से मुलाकात में क्या होगा बड़ा फैसला? मान और बागी सांसदों की टसल से सस्पेंस
इसके अलावा, अभिनेत्री से नेता बनीं रूपा गांगुली भी इस दौड़ में शामिल हैं, जिनकी शहरी मतदाताओं के बीच अच्छी पकड़ मानी जाती है।
बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने घोषणा की है कि नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित किया जाएगा। इस घोषणा के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल और तेज हो गई है।
हालांकि शपथ ग्रहण की तारीख तय हो चुकी है लेकिन मुख्यमंत्री पद के लिए नाम अभी भी रहस्य बना हुआ है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों के बीच लगातार बैठकें जारी हैं। सूत्रों के मुताबिक, नेतृत्व चयन को लेकर विचार-विमर्श अंतिम चरण में है और जल्द ही नाम का ऐलान किया जा सकता है।
अब सबकी नजरें 9 मई पर टिकी हैं जब न केवल नई सरकार का गठन होगा, बल्कि यह भी साफ हो जाएगा कि आखिर पश्चिम बंगाल की कमान किसके हाथ में जाएगी।
Location : New Delhi
Published : 5 May 2026, 12:11 PM IST
Topics : Assembly Election Results 2026 chief minister Oath Ceremony Samik Bhattacharya Suvendu Adhikari