हिंदी
यूपी की हर बड़ी खबर एक जगह (Source: Dynamite News)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
रामपुर में जौहर यूनिवर्सिटी और ट्रस्ट से जुड़े मामले में ईडी आज सपा नेता आजम खान से जेल में पूछताछ करेगी। सूत्रों के मुताबिक, चार सदस्यीय टीम रामपुर पहुंची है। आजम के बेटे अब्दुल्ला आजम से भी सवाल हो सकते हैं। जांच में निर्माण कार्य, डमी ट्रस्टी और फर्जी दानदाताओं से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ संभावित है।
मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में नवरात्र के तीसरे दिन मां विंध्यवासिनी की चंद्रघंटा स्वरूप में पूजा-अर्चना की जाती है। मान्यता है कि मां का यह स्वरूप भक्तों को शीतलता प्रदान करता है और उनकी मनोकामनाएं पूरी करता है। श्रद्धालु मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना करते हैं।
मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं। प्रतापगढ़ निवासी और हांगकांग में रहने वाले सुशील कुमार पांडेय विदेश में धार्मिक आयोजन कराते हैं। वे नवरात्र में मंदिर पहुंचकर भक्तों के साथ पूजा-पाठ, अनुष्ठान और निशुल्क भंडारे का आयोजन करते हैं।
झांसी में कानपुर हाईवे पर एक शव तीन दिनों तक वाहनों के नीचे कुचलता रहा। शव सड़क से चिपक गया, जिसके अवशेष खुरचकर निकाले गए। रविवार को बेटे ने चप्पलों और कपड़ों से पहचान की। पुलिस ने शव के टुकड़ों को गठरी में बांधकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रायबरेली के भदोखर थाने में कोर्ट मैरिज मामले को लेकर ग्रामीणों और ग्राम प्रधानों ने घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी राकेश चंद्र आनंद पर समझौते के बावजूद मामला निपटाने के लिए दस हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया। रुपये नहीं देने पर मुकदमे और जेल भेजने की धमकी देने का भी दावा किया।
प्रयागराज की कोरांव तहसील के कुकरहटा ग्राम सभा में मुख्यमंत्री आवास योजना में धांधली का आरोप लगा है। बृजेश कुशवाहा ने प्रधान पर जाति बदलकर आवास दिलाने और अपात्रों को लाभ पहुंचाने की शिकायत की है। आरोप है कि जांच के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई और कई पात्र परिवार आवास से वंचित हैं।
चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र में कवलपुरा घाट के पास गंगा में घड़ियाल जैसा जलीय जीव दिखने की चर्चा है। कवलपुरा, सोनहुली और नगवा के सामने कई दिनों से जीव दिखाई देने की बात कही जा रही है। वन विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और नदी में उतरने से बचने की अपील की।
बरेली कॉलेज में बीएससी विद्यार्थियों के असाइनमेंट और आंतरिक मूल्यांकन मामले में तीन शिक्षकों को निलंबित किया गया है। प्रबंध समिति की पांच सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट पर कार्रवाई हुई। निलंबित शिक्षकों में पूर्व विभाग प्रभारी प्रो. स्वदेश सिंह, प्रो. पूनम सिंह और डॉ. हनुमान वर्मा शामिल हैं।
देवरिया में उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्था की बैठक अध्यक्ष श्रीराम त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई। इसमें आठवें वेतन आयोग में पेंशन पुनरीक्षण, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, कैशलेस इलाज और पुरानी पेंशन योजना पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने सरकार से पेंशनरों के हितों की रक्षा और मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
देवरिया के महुआडीह थाना क्षेत्र में स्कूल के अंदर दो नाबालिग छात्राओं के साथ शिक्षक द्वारा कथित अनुचित स्पर्श का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Location : Lucknow
Published : 13 October 2026, 10:26 AM IST