‘मैं अपनी बेटी के साथ जान दे रही हूं’, बस्ती में नदी के पास मिले कपड़े और सुसाइड नोट से मचा बवाल

बस्ती के दुबौलिया थाना क्षेत्र के भटहा गांव के पास पिपरौल घाट पुल पर मंगलवार भोर एक महिला अपनी तीन माह की मासूम बेटी के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पुल से महिला के कपड़े और सुसाइड नोट बरामद हुआ है। पुलिस और गोताखोर तलाश में जुटे हैं।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 27 October 2026, 11:57 AM IST
google-preferred

Basti: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में मंगलवार भोर एक महिला और उसकी तीन माह की बेटी से जुड़ी घटना ने इलाके में चिंता बढ़ा दी। दुबौलिया थाना क्षेत्र के भटहा गांव की रहने वाली पूजा देवी (30), पत्नी सुनील कुमार उर्फ कबीर, गांव के पास स्थित पिपरौल घाट पुल पर पहुंची थीं। पुल पर उनके कपड़े और एक पर्ची मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि महिला अपनी मासूम बेटी के साथ नदी में कूद गई होगी। हालांकि, दोनों को नदी में कूदते हुए किसी ने नहीं देखा है और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुल पर मिले कपड़े और पर्ची से बढ़ी चिंता

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पिपरौल घाट पुल पर महिला के कपड़े और एक सुसाइड नोट जैसी पर्ची मिली। उसमें कथित तौर पर लिखा था कि वह अपनी बेटी के साथ नदी में कूदकर जान दे रही है। पर्ची मिलने के बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। महिला और बच्ची के नदी में कूदने की प्रत्यक्ष पुष्टि नहीं हुई है। दोनों की तलाश की जा रही है और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बस्ती में महिला के लापता होने से सनसनी (Img: Dynamite News)

Basti News: घर पर लाठी-डंडे लेकर पहुंचे लोग, महिला ने बच्चों समेत जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप

परिवार पर एक साल में टूटे कई दुख

बताया जा रहा है कि सुनील कुमार उर्फ कबीर का परिवार पिछले एक साल से लगातार दुखद घटनाओं का सामना कर रहा है। करीब एक साल पहले सुनील के भाई अजीत ने हरियाणा में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद करीब 15 दिन पहले सुनील की मां की ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई थी। परिवार इन घटनाओं से उबरने की कोशिश कर ही रहा था कि अब पूजा देवी और उनकी तीन माह की बेटी से जुड़ी घटना सामने आ गई। सुनील का पांच साल का बेटा रुद्र भी है।

Basti News: बगीचे में फंदे से लटका मिला 40 वर्षीय युवक का शव, इलाके में मचा हड़कंप

पुलिस जुटा रही घटना से जुड़ी जानकारी

घटना की सूचना मिलते ही दुबौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। महिला और बच्ची की तलाश के साथ ही पुल पर मिले कपड़ों और पर्ची से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल महिला और बच्ची के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उनकी स्थिति और घटना के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Basti

Published :  27 October 2026, 11:57 AM IST

Advertisement