हिंदी
यूपी के 30 से ज्यादा जिलों में आज छाएंगे बादल (Img- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में सितंबर के महीने में मौसम लगातार अपने रूप बदल रहा है। कभी तेज धूप लोगों को पसीने से तर-बतर कर देती है, तो कभी अचानक घिरकर आए बादल मौसम को सुहाना बना देते हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज यानी 16 सितंबर को राज्य के मौसम में एक नया मोड़ आने वाला है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की एंट्री होने जा रही है, जिससे लोगों को पिछले कुछ दिनों से जारी चुभने वाली गर्मी से राहत मिल सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आज पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। जहां बारिश होगी, वहां तो पारा गिरेगा और लोगों को ठंडी हवाओं का अहसास होगा।
लेकिन जिन इलाकों में बादल सिर्फ छकाकर निकल जाएंगे और बारिश नहीं होगी, वहां हवा में मौजूद नमी और धूप मिलकर तीखी उमस बढ़ा सकती है। ऐसे में लोगों को पसीने वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश का यह सिलसिला केवल आज तक सीमित नहीं रहेगा। 17 और 18 सितंबर को भी राज्य के दोनों हिस्सों (पूर्वी और पश्चिमी यूपी) में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश जारी रह सकती है। हालांकि, 19 सितंबर से पश्चिमी यूपी में मौसम एक बार फिर शुष्क होने लगेगा और आसमान साफ हो जाएगा। वहीं, पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की-फुल्की बौछारें पड़ने का दौर जारी रह सकता है।
राहत की बात यह है कि प्रदेश के किसी भी जिले में भारी या मुसलाधार बारिश की कोई चेतावनी (रेड या ऑरेंज अलर्ट) नहीं है। लेकिन मौसम विभाग ने लोगों को वज्रपात यानी बिजली गिरने से सतर्क रहने की सलाह दी है। जब भी आसमान में बादल गरजें या तेज हवाएं चलें, तो खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों या पानी भरे स्थानों के पास खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
यूपी में मौसम का बदलेगा मिजाज, 44 जिलों में वज्रपात का अलर्ट; इन इलाकों में बारिश के आसार
आज प्रदेश के कई प्रमुख जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है:
पश्चिमी यूपी: मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बागपत, बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बरेली, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, रामपुर, आगरा, मथुरा, झांसी और जालौन।
पूर्वी यूपी: गोरखपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, देवरिया, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, खीरी, प्रयागराज, मिर्जापुर और फतेहपुर।
Location : Lucknow
Published : 16 September 2026, 7:54 AM IST
Topics : Monsoon 2026 UP News UP Rain UP Weather Weather Update