हिंदी
मानसूनी ट्रफ और लो-प्रेशर का डबल अटैक (Img- Envato)
Lucknow: मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश में मानसून के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने 'वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया' और अमृतसर-नजीबाबाद-फतेहगढ़ से होकर गुजर रही मानसूनी ट्रफ लाइन ने राज्य के मौसम को दो हिस्सों में बांट दिया है। जहां पूर्वांचल, बुंदेलखंड और मध्य यूपी में बादल मेहरबान हैं, वहीं पश्चिमी यूपी में पसीने छुड़ाने वाली उमस बरकरार है।
विंध्य, बुंदेलखंड और पूर्वी यूपी के जिलों में आज मेघ जमकर बरसने वाले हैं। मौसम विभाग ने झांसी, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा और जालौन में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी दी है। इसके अलावा प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली और आजमगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बौछारें पड़ने का अनुमान है।
राजधानी लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, रायबरेली और फतेहपुर में बादलों का डेरा रहेगा। बीच-बीच में हल्की से मध्यम बौछारें गिरने से पारे में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। मध्य मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 31°C से 33°C के बीच रहने का अनुमान है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश और भाभर-तराई क्षेत्रों के लोगों को फिलहाल राहत के लिए इंतजार करना होगा। इन इलाकों में बारिश की रफ्तार सुस्त रहेगी। तेज धूप और हवा में ज्यादा नमी के कारण तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है, जिससे अधिकतम पारा 35°C तक पहुंचेगा और दिनभर चिपचिपी गर्मी सताएगी।
Location : Lucknow
Published : 27 August 2026, 7:56 AM IST