मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र के गिहार कॉलोनी के पीछे स्थित मोहल्ला फर्दखाना में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला के पत्थर में तब्दील होने की अफवाह फैल गई। सूचना फैलते ही आसपास के गांवों और मोहल्लों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पढ़ें पूरी खबर

महिला के पत्थर में तब्दील होने की अफवाह
Mainpuri News: जनपद मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र के गिहार कॉलोनी के पीछे स्थित मोहल्ला फर्दखाना में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला के पत्थर में तब्दील होने की अफवाह फैल गई। सूचना फैलते ही आसपास के गांवों और मोहल्लों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में जनसैलाब उमड़ पड़ा। बताया गया कि हीरापुर निवासी संजू पुत्र महाराज सिंह ने खेतों के बीच एक मकान बना रखा है।
क्या है पूरी खबर?
जानकारी के मुताबिक, सुबह सुबह अचानक यह चर्चा फैल गई कि संजू की पत्नी मिथलेश देवी पत्थर की बन गई है। इस खबर को सुनकर लोगों की भीड़ खेतों के बीच बने मकान की ओर दौड़ पड़ी। हालात ऐसे बन गए कि मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना देनी पड़ी।
प्रतिमा को कमरे के कोने में गया रखा
संजू का कहना था कि उसकी पत्नी लंबे समय से बीमार थी और घर में रखी ढाई फीट ऊंची एक प्रतिमा की नियमित पूजा करती थी। उसके अनुसार शुक्रवार रात उसकी पत्नी उसकी गोद में लेटी थी और सुबह वह पत्थर की बनी हुई दिखाई दी। संजू ने दावा किया कि जिस प्रतिमा को कमरे के कोने में रखा गया है, उस पर वही साड़ी है जो उसकी पत्नी ने पहनी थी।
मामले की जांच
सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अखिल गोयल और इंस्पेक्टर ललित भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच की और लोगों से बातचीत की। जांच के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह मामला पूरी तरह से अफवाह और भ्रम फैलाने का है। मौके पर रखी गई पत्थर की प्रतिमाएं पहले से मौजूद थीं, जिनके सहारे लोगों को गुमराह किया जा रहा था।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के पुलिस ने दिए निर्देश
प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे अंधविश्वास और अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस ने भीड़ को समझाकर शांत कराया और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।