हिंदी
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
इस लाइव ब्लॉग में आपको उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी घटना, राजनीतिक हलचल, अपराध, खेल और हर जरूरी घटनाक्रम पढ़ने को मिलेगा।
लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने शासनादेश जारी करते हुए 2, 3 और 4 जुलाई को होने वाली TET परीक्षा के लिए शिक्षकों को अवकाश देने की घोषणा की है। इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 1.86 लाख शिक्षकों को राहत मिलेगी। परीक्षा को सुचारू और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए यह व्यवस्था की गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सभी जिलों को निर्देश भेज दिए गए हैं ताकि किसी प्रकार की बाधा न आए।
मेरठ में पीएल शर्मा रोड पर मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) द्वारा अवैध निर्माण और नियम उल्लंघन के खिलाफ कोचिंग सेंटरों पर सीलिंग अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान एक बंद पड़े कोचिंग सेंटर को सील करते समय केयरटेकर हरेंद्र अंदर ही रह गया, जिससे हड़कंप मच गया। बताया गया कि बिल्डिंग मालिक को पहले ही कार्रवाई की जानकारी दी गई थी, लेकिन काम नहीं रोका गया। सीलिंग के बाद केयरटेकर के अंदर से चिल्लाने की आवाजें आने पर टीम ने उसे बाहर निकाला। मीडिया कर्मियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई। अभियान के दौरान क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बदायूं में नगर पालिका के तीन वर्ष पूरे होने पर जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों की उपलब्धियां गिनाईं, लेकिन हालिया बारिश के बाद शहर में जलभराव, टूटी सड़कें और कीचड़ से भरी गलियां अलग तस्वीर पेश कर रही हैं। कई इलाकों में लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिविल लाइंस स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय परिसर में भी पानी भरने की चर्चा रही, जिससे शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। स्थानीय लोग बारिश के दौरान होने वाली समस्याओं के स्थायी समाधान और बेहतर नगर व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
फर्रुखाबाद के कमालगंज क्षेत्र स्थित ग्राम बझेरा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिवस पर भव्य वृक्षारोपण और जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ समाजवादी नेता डॉ जे.पी. सिंह वर्मा के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ता, समर्थक और ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान दर्जनों लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी का दामन थामा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक जमालूद्दीन सिद्दीकी, जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के साथ संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया।
देवरिया के बरहज-देवरिया बाईपास पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर सपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया। विजय रावत के नेतृत्व में हुए समारोह में केक काटा गया, आतिशबाजी की गई और मिठाइयां बांटकर अखिलेश यादव के स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
हमीरपुर में करीब 1.3 करोड़ रुपये की लागत से बनी हाईटेक नर्सरी 28 मई को आई तेज आंधी में क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि लगभग 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवा में नर्सरी का ढांचा ध्वस्त हो गया, जबकि इसे 120 किमी प्रति घंटे तक की हवा सहने योग्य बताया गया था। हादसे में करीब 9,000 पौधे भी नष्ट हो गए। उद्यान विभाग के अधिकारी ने कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी कर दोबारा निर्माण के निर्देश दिए हैं। हालांकि, मामले में अब तक किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
रायबरेली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने 53 यूनिट रक्तदान कर सेवा का संदेश दिया। साथ ही फल वितरण, गरीबों को भोजन कराने और सुपर मार्केट में केक काटकर जन्मदिन मनाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। सपा नेताओं ने प्रदेश में भ्रष्टाचार और अराजकता का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव का समर्थन करेगी। पार्टी के अनुसार, रायबरेली जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में जन्मदिन के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में डॉक्टर्स डे के अवसर पर मरीजों के प्रति सेवा, समर्पण और मानवता की मिसाल पेश करने वाले चिकित्सकों की चर्चा रही। जिले के सीएमएस डॉ राजेश कुमार और जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ नितिन कुमार को उनकी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सराहा गया। डॉ नितिन कुमार ने सभी चिकित्सकों को डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना गरीब मरीजों के लिए बेहद लाभकारी साबित हुई है। उन्होंने कहा कि इस योजना से आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित रहने वाले मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल रहा है।
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने शादी के नाम पर भोले-भले लोगों को अपना शिकार बनाने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। देहात कोतवाली पुलिस ने इस कथित ठगी गिरोह का खुलासा करते हुए एक राजनीतिक पार्टी की महिला नेता गुड़िया यादव समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस गिरोह के पकड़े जाने के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आज जन्मदिन है। क्या आपको पता है कि अखिलेश यादव ने नोएडा शहर को क्या-क्या दिया? अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल (2012-2017) में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण को काफी विकास परियोजनाएं दी। उनके कार्यकाल के दौरान कई बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी मिली, कई का शिलान्यास हुआ और कई का निर्माण शुरू हुआ। इनमें से कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन बाद की सरकारों में हुआ, लेकिन उनकी आधारशिला अखिलेश सरकार के दौरान रखी गई थी।
लखनऊ में सीबीआई कोर्ट ने 2002 में हुए बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष इंद्रदेव सिंह हत्याकांड में बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने विक्रम यादव, पन्ना सिंह और बृजेश यादव को दोषी करार दिया है। इंद्रदेव सिंह की 8 अगस्त 2002 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले को पहले यूपी सरकार ने सीबीआई को सौंपा था। आरोप है कि बर्खास्त लेखपाल मन्नालाल गुप्ता ने हत्या की साजिश रची थी। 7 जुलाई को दोषियों की सजा सुनाई जाएगी। कई आरोपी अब इस मामले में मृत भी हो चुके हैं। मन्नालाल गुप्ता भी कई मामलों में आरोपी रहा है।
लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर सो रहे श्रमिक परिवार को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कार पहले दुकानों के बाहर लगे टीनशेड से टकराई और फिर सड़क किनारे सो रहे लोगों पर चढ़ गई। हादसे में एक मजदूर दंपति समेत चार लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय चालक शराब के नशे में था। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
नोएडा में एक महिला ने अपने पति पर हनीमून के दौरान हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि दार्जिलिंग में पति ने उसे सीढ़ियों से धक्का दिया और शादी के बाद से लगातार मारपीट करता रहा। महिला के अनुसार, घटना के बाद आरोपी पति दिल्ली स्थित अपने घर में रहने लगा। दोनों की शादी 30 अप्रैल को हुई थी और 9 मई को हनीमून के लिए दार्जिलिंग गए थे। पीड़िता की शिकायत पर नोएडा के सेक्टर-113 थाने में पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
डॉक्टर्स डे पर ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. यशवर्धन दुबे ने मरीजों को जागरूक रहने और समय पर इलाज की सलाह दी है।
Doctors' Day: महराजगंज में डॉक्टर्स डे पर डॉ यशवर्धन दुबे बोले, मरीजों का विश्वास ही डॉक्टरों की सबसे बड़ी ताकत#DoctorsDay #DrYashvardhanDubey #ENTSpecialist #CentralHospital #Maharajganj #ENTDoctor #MedicalAwareness pic.twitter.com/wKYrZrbUKl
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) July 1, 2026
गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में युवक-युवती को लेकर विवाद सामने आया। हिंदू संगठन ने युवक पर धार्मिक पहचान छिपाने का आरोप लगाते हुए दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। युवक ने युवती के साथ आपसी सहमति से संबंध होने की बात कही, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
औरैया के बिधूना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में छह शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिधूना भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी चोरी की एक घटना में वांछित थे और उनकी तलाश की जा रही थी। इस कार्रवाई को थाना बिधूना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान के तहत अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 1 जुलाई 1973 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। इस अवसर पर प्रदेशभर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं। कई स्थानों पर केक काटने, पौधारोपण, रक्तदान शिविर और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी कार्यालयों में उत्सव का माहौल है और कार्यकर्ता उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
Location : Lucknow
Published : 1 July 2026, 7:38 AM IST