हिंदी
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
उत्तर प्रदेश के पशुपालन विभाग में हुए बहुचर्चित भर्ती घोटाले में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने वर्ष 2014 की भर्ती प्रक्रिया के दौरान मुख्य भूमिका में रहे तत्कालीन प्रमुख सचिव और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी योगेश कुमार को लखनऊ के गोमती नगर से गिरफ्तार कर लिया है। यह इस मामले में अब तक की सबसे बड़ी गिरफ्तारी मानी जा रही है।
देवरिया जिले में आमजन की सुरक्षा और महिला-बालिका सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने बुधवार को ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ और एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सुबह के समय पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों और विद्यालयों के आसपास निगरानी की।

सुल्तानपुर में बार एसोसिएशन के इतिहास में पहली बार न्यायपालिका की प्रत्यक्ष निगरानी में चुनाव कराया जा रहा है। इसके तहत बुधवार को खुर्शीद क्लब में सुबह 10 बजे से मतदान शुरू होगा। जिला जज सुनील कुमार की देखरेख में होने वाली चुनाव प्रक्रिया को लेकर मंगलवार शाम छह बजे तक तैयारियां पूरी कर ली गईं। निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की व्यवस्था की गई है।
फर्रुखाबाद में आलू किसानों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। किसानों ने जिस उम्मीद के साथ अपनी आलू की फसल को कोल्ड स्टोरेज में भंडारित किया था, अब उसी आलू का उचित मूल्य नहीं मिलने से किसान परेशान नजर आ रहे हैं। हालात यह हैं कि कोल्ड स्टोरेज में अभी भी आलू का पर्याप्त भंडार मौजूद है, लेकिन किसानों को अपनी उपज का अपेक्षित दाम नहीं मिल पा रहा है।
हाथरस जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने महिला कल्याण विभाग की योजनाओं के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। साथ ही, मिशन शक्ति 6.0 के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सभी संबंधित विभागों को सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हाथरस जनपद में सरकारी राशन के चावल की कथित कालाबाजारी के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सासनी क्षेत्र में 200 बोरे चावल पकड़ लिए। मंगलवार देर शाम भाविनी कोल्ड स्टोरेज के पास ट्रक से ट्रैक्टर में चावल लोड किया जा रहा था। सूचना मिलने पर एसडीएम और पूर्ति निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। टीम ने चावल को कब्जे में लेकर सठिया गांव के राशन डीलर के सुपुर्द कर दिया। मामले में ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। प्रशासन अब चावल के स्रोत और इसमें संलिप्त लोगों का पता लगाने में जुटा है।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में मंगलवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब एक मंदिर के पुजारी की बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी, घटना को अंजाम देकर बाइक सवार हत्यारे जहां मौके से फरार हो गए तो वही सूचना पर पहुंची पुलिस ने चप्पे चप्पे की बारीकी से जांच पड़ताल करते हुए मृतक पुजारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
श्रावस्ती जिले की भिनगा कोतवाली के जौगढ़ गांव में 27 जुलाई 2026 को नाबालिग को भगाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। हालांकि, आरोपियों के पकड़े जाने के बावजूद अभी तक लापता लड़की की बरामदगी नहीं हो पाई है।
शिवलोक कॉलोनी में एक युवक के साथ साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। शातिर साइबर ठग ने महज 15 मिनट के भीतर तीन बार में खाते से करीब 6 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ठगी के इस तरीके का पता लगा रही है।
Location : Lucknow
Published : 14 October 2026, 9:43 AM IST