हिंदी
यूपी की सभी खबरें पढ़ें एक खबर और क्लिक में (Img: Dynamite News)
Lucknow/New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
इस लाइव ब्लॉग में आपको उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी घटना, राजनीतिक हलचल, अपराध, खेल और हर जरूरी घटनाक्रम पढ़ने को मिलेगा।
देवरिया में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। महुआनी-सोनू घाट मार्ग पर पंसरही मोड़ के पास गुरुवार रात दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा है। बताया जा रहा है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के परसिया भंडारी निवासी तुफैल अंसारी (20) सोनू घाट स्थित मुर्गा दुकान पर काम करता था। वह रात में दुकान के लिए महुआनी चौराहे से मुर्गा लेकर वापस लौट रहा था, तभी बरियारपुर थाना क्षेत्र के पंसरही मोड़ के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र के खेरिया मोड़ इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब चलती बाइक पर आए तीन बदमाशों ने एक युवक से मोबाइल लूट लिया। घटना के दौरान युवक ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे सड़क पर कई मीटर तक घसीट दिया और मौके से फरार हो गए।
औरैया जिले के बिधूना कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। गांव गुरखुंदा में शराब के नशे में धुत एक पिता ने अपनी ही तीन साल की मासूम बेटी को बेरहमी से पीट दिया। मारपीट में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया।
झांसी के बबीना थाना क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बस का टायर फटने के बाद बस अनियंत्रित होकर ट्रक से पीछे जा टकराई। हादसे में बस सवार करीब 21 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 6 यात्रियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे में एक महिला की मौत की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार की भोर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दिल्ली जा रहे दिबियापुर निवासी व्यापारी और उनके बेटे की कार अचानक हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार कार रोडवेज बस के पीछे जा टकराई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में व्यापारी परमहंस पांडेय और उनके बेटे पुष्पेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी जैसे ही उनके गांव पहुंची, वहां मातम छा गया। परिवार के लोग रोते-बिलखते मथुरा के लिए रवाना हो गए।
देवरिया जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी शुक्रवार सुबह अचानक अस्पताल पहुंच गए। सुबह करीब 8 बजे हुए इस औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। डीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर का निरीक्षण किया, जहां उपस्थिति रजिस्टर खंगालने पर बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से गायब मिले। निरीक्षण के दौरान दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 29 स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित पाए गए।
इटावा में मंदिर में दीपक रखने गए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पुरानी रंजिश के चलते युवक को निशाना बनाया। गोली लगने के बाद घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रदीप मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है और हत्यारों की तलाश में जुट गई है। मामला जैतपुर थाना क्षेत्र का है।
कौशाम्बी में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि महिला की बच्चेदानी का ऑपरेशन न्यू प्रीती हॉस्पिटल में किया गया था, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना के बाद अस्पताल स्टाफ मौके से फरार हो गया। पूरा मामला मंझनपुर थाना क्षेत्र स्थित न्यू प्रीती हॉस्पिटल का है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के सड़सड़ा बुजुर्ग गांव में नाली के गंदे पानी के निकास को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ एक मामूली सा विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे, कुदाल और लोहे की धारदार रॉड निकल आईं और जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद से गांव में कुछ समय के लिए भारी तनाव व्याप्त हो गया।
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के हरपालपुर गांव में करंट की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद से दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही गांव के दो किसानों की अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
Location : Lucknow/New Delhi
Published : 19 June 2026, 12:03 PM IST