हिंदी
मां-बेटा-बेटी को लाठी-डंडों से पीटा फोटो सोर्स-डाइनामाइटन न्यूज
Gorakhpur: हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिगही में मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जब कथित तौर पर टिप्पणी करने से मना करने पर मनबढ़ों ने एक महिला और उसके दोनों बच्चों पर हमला कर दिया। आरोप है कि दबंगों ने घर पहुंचकर गाली-गलौज की, लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद गांव में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।
केस दर्ज कर जांच शुरू की
पीड़िता धर्मिता देवी पत्नी पंचम की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव के ही राम हरख पुत्र स्वर्गीय खदेरु तथा उनके दोनों पुत्र शैलेश और शैलेन्द्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस ने आरोपियों पर बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लाठी-डंडों से हमला
पीड़िता के अनुसार, घटना 16 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे की है। उन्होंने बताया कि किसी टिप्पणी को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी पक्ष नाराज हो गया। आरोप है कि थोड़ी देर बाद राम हरख अपने दोनों पुत्रों के साथ उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों ने मिलकर धर्मिता देवी, उनके बेटे महेश और बेटी सविता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
Gorakhpur News: वादा था शादी का, लेकिन अंजाम ने सबको हिला दिया… जानिए पूरी कहानी
पीड़ित परिवार में भय का माहौल
हमले में मां-बेटे और बेटी को चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार में भय का माहौल है। परिवार का कहना है कि आरोपियों ने दोबारा नुकसान पहुंचाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी है, जिससे वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
DN Exclusive: ग्रीन टैक्स ने रोके ट्रक के पहिए! आखिर क्यों सड़क पर उतर आए नोएडा के ट्रांसपोर्टर?
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : गोरखपुर
Published : 24 May 2026, 8:09 PM IST
Topics : Crime UP Police Latest News up crime UP News