UP Bribe: नाला कूदकर भागा रिश्वतखोर दारोगा फिर भी धरा गया साथी! ऐसे फंसा जाल में

एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रह्मपुरी थाने की माधवपुरम चौकी पर तैनात दारोगा के निजी साथी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोप है कि एक मुकदमे से जानलेवा हमले की धारा हटाने के बदले यह रकम मांगी गई थी।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 21 May 2026, 6:24 PM IST
google-preferred

Meerut: मेरठ में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रह्मपुरी थाने की माधवपुरम चौकी पर तैनात दारोगा के निजी साथी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोप है कि एक मुकदमे से जानलेवा हमले की धारा हटाने के बदले यह रकम मांगी गई थी। कार्रवाई के दौरान दारोगा वैभव कुमार मौके से फरार हो गया।

एंटी करप्शन टीम ने बिछाया था जाल

एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर मयंक अरोड़ा के नेतृत्व में टीम ने शिकायत मिलने के बाद ट्रैप तैयार किया। पीड़ित व्यक्ति को साथ लेकर टीम माधवपुरम चौकी पहुंची। यहां सौदेबाजी के बाद दारोगा वैभव कुमार ने रिश्वत की रकम अपने निजी साथी गौरव गर्ग को लेने के लिए कहा।

रिश्वत लेते ही दबोचा गया आरोपी

जैसे ही गौरव गर्ग चौकी के बाहर रिश्वत की रकम लेने पहुंचा, एंटी करप्शन टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। अचानक हुई कार्रवाई से चौकी में हड़कंप मच गया। इसी बीच दारोगा वैभव कुमार पुलिस टीम को चकमा देकर चौकी के पीछे बने नाले में कूदकर फरार हो गया।

टीपी नगर थाने में दर्ज हुआ मुकदमा

एंटी करप्शन टीम आरोपी गौरव गर्ग को पकड़कर टीपी नगर थाने ले आई। वहां दारोगा वैभव कुमार और उसके निजी साथी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। फरार दारोगा की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

निजी सहायकों पर उठे सवाल

इस कार्रवाई के बाद पुलिस चौकियों और थानों में निजी सहायकों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि कई जगह पुलिसकर्मी अपने निजी लोगों के जरिए अवैध वसूली का नेटवर्क चला रहे हैं। फिलहाल एंटी करप्शन टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Location :  Meerut

Published :  21 May 2026, 6:24 PM IST

Advertisement