हिंदी
प्रेम जाल में फंसाकर मां के गहने बिकवाए फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
Gorakhpur: प्रेम संबंध का झांसा देकर एक युवती को अपने जाल में फंसाना और फिर उसकी मां के गहने मंगवाकर बेच देना एक युवक को भारी पड़ गया। गोरखनाथ पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक आईफोन भी बरामद किया है। घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
क्या है पूरी खबर?
पुलिस के अनुसार, महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गोरखनाथ के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
थाना गोरखनाथ में तहरी
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिषेक शर्मा पुत्र प्रदीप शर्मा निवासी बरनहवा चकद थाना नौतनवा जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। वर्तमान में वह रामनगर क्षेत्र, थाना गोरखनाथ में रह रहा था।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने युवती को प्रेम संबंधों का भरोसा देकर अपने प्रभाव में लिया। इसके बाद उसने युवती को बहला-फुसलाकर उसकी मां के गहने और आभूषण मंगवा लिए। आरोप है कि बाद में उन गहनों को बेच दिया गया। मामले की जानकारी होने पर पीड़िता पक्ष ने थाना गोरखनाथ में तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।
दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई
इस मामले में थाना गोरखनाथ पर मु0अ0सं0 198/2026 के तहत धारा 308(4) भारतीय न्याय संहिता में अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय और कांस्टेबल कुन्दन कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
Location : Gorakhpur
Published : 21 May 2026, 7:39 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Latest News UP News