हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Lucknow: उत्तर प्रदेश सरकार ने 104 पीसीएस अधिकारियों को समयमान वेतनमान (Time Scale Pay Scale) का लाभ देने का फैसला किया है। यह लाभ पांच वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी करने वाले अधिकारियों को दिया गया है। शासन के आदेश के बाद अब इन अधिकारियों को 5400 ग्रेड पे की जगह 6600 ग्रेड पे का लाभ मिलेगा।
इस संबंध में नियुक्ति विभाग के विशेष सचिव अवनीश सक्सेना की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। शासन के मुताबिक यह फैसला सेवा अवधि और कार्य संतोषजनक पाए जाने के आधार पर लिया गया है।
समयमान वेतनमान का लाभ पाने वाले अधिकारियों में सबसे अधिक 95 अधिकारी वर्ष 2020 बैच के हैं। इसके अलावा वर्ष 2019 बैच के नौ अधिकारियों को भी इसका फायदा मिला है। इस फैसले के बाद संबंधित अधिकारियों के वेतन और भत्तों में बढ़ोतरी होगी।
6600 ग्रेड पे लागू होने के बाद अधिकारियों के मूल वेतन में बढ़ोतरी होगी, जिसका असर अन्य भत्तों और भविष्य की पेंशन पर भी पड़ेगा। इसे प्रशासनिक अधिकारियों के लिए बड़ी राहत और प्रोत्साहन के तौर पर देखा जा रहा है।
समयमान वेतनमान का लाभ उन अधिकारियों को दिया जाता है, जिन्होंने निर्धारित अवधि तक बिना किसी गंभीर शिकायत के संतोषजनक सेवा दी हो। यह व्यवस्था अधिकारियों के कैरियर ग्रोथ और वित्तीय उन्नयन से जुड़ी होती है।
Location : Lucknow
Published : 21 May 2026, 8:42 PM IST
Topics : Grade Pay PCS UP News uttar pradesh