बारिश बनी काल! छप्परनुमा मकान भरभराकर गिरा, मलबे में दबकर 70 साल के वृद्ध की मौत

प्रतापगढ़ के लालगंज तहसील क्षेत्र के मोठिंन गांव में शनिवार सुबह बारिश के चलते छप्परनुमा मकान की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से 70 वर्षीय नासिर अली गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 8 August 2026, 2:13 PM IST
google-preferred

Pratapgarh: लगातार बारिश के बीच कच्चे और जर्जर मकानों में रहना लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। प्रतापगढ़ में शनिवार सुबह ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बारिश से कमजोर हुई छप्परनुमा मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। उस वक्त अंदर मौजूद 70 वर्षीय बुजुर्ग नासिर अली कुछ समझ पाते, उससे पहले ही मलबे में दब गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह उन्हें बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम गईं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। यह हादसा लालगंज तहसील क्षेत्र के मोठिंन गांव में शनिवार सुबह करीब पांच बजे हुआ।

बारिश के बीच कमजोर हो गई थी कच्ची दीवार

मोठिंन गांव निवासी नासिर अली करीब 70 साल के थे। वह छप्परनुमा मकान में रह रहे थे। मकान के चारों तरफ कच्ची दीवारें बनी हुई थीं। लगातार हो रही बारिश के कारण इन दीवारों में नमी आ गई थी और उनकी स्थिति कमजोर हो गई थी।

महिला को बंधक बनाकर लूटे थे लाखों के जेवर, प्रतापगढ़ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 4 बदमाशों को दबोचा

चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण

मकान गिरने की तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उस समय परिवार के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बिना देर किए मलबा हटाना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद नासिर अली को मलबे से बाहर निकाला गया। उनकी हालत गंभीर थी। ग्रामीण और परिजन उन्हें इलाज के लिए लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर जाने लगे। लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।

खेती-किसानी करके चलाते थे परिवार

बताया गया कि नासिर अली खेती-किसानी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उम्र अधिक होने के बावजूद वह परिवार की जिम्मेदारियों से जुड़े हुए थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

अगर समय पर मिल जाता प्रधानमंत्री आवास, तो शायद बच जाती 6 जिंदगियां! प्रतापगढ़ हादसे पर उठे सवाल

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में बारिश के कारण कच्ची दीवार कमजोर होने के बाद मकान गिरने की बात सामने आई है।

Location :  Pratapgarh

Published :  8 August 2026, 2:13 PM IST

Related News

Advertisement