देवरिया के प्राइवेट अस्पतालों पर शिकंजा, 2 हॉस्पिटल सील, जानें क्यों लिया इतना बड़ा एक्शन?

देवरिया में मरीजों से कथित आर्थिक शोषण की शिकायतों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। स्वास्थ्य विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने जालपा हॉस्पिटल और कृष्णावती हॉस्पिटल को सील कर दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर निजी अस्पतालों की जांच आगे भी जारी रहेगी।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 8 August 2026, 5:32 PM IST
google-preferred

Deoria News: देवरिया में मरीजों के इलाज के नाम पर कथित आर्थिक शोषण की शिकायतों को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने शनिवार दोपहर करीब 1:00 बजे दो निजी अस्पतालों पर छापेमारी कर उन्हें सील कर दिया। कार्रवाई की खबर मिलते ही जिले के निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया।

दो निजी अस्पतालों पर चला प्रशासन का डंडा

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और तहसील प्रशासन की टीम ने न्यू कॉलोनी स्थित जालपा हॉस्पिटल और राघवनगर स्थित कृष्णावती हॉस्पिटल की जांच की। इस कार्रवाई में एसीएमओ अजीत कुमार सिंह, नायब तहसीलदार देवरिया सदर शिवेंद्र कौडिल्य समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने अस्पतालों में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, संचालन व्यवस्था और जरूरी मानकों की जांच की। जांच के बाद आदेशों के अनुपालन में दोनों अस्पतालों को सील कर दिया गया।

भर्ती मरीजों को सुरक्षित स्थानांतरित करने के निर्देश

अस्पताल सील करने की कार्रवाई के साथ ही प्रशासन ने मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वहां भर्ती मरीजों को तीन दिन के भीतर दूसरे अस्पतालों में सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित किया जाए, ताकि किसी भी मरीज के इलाज में परेशानी न हो। प्रशासन ने साफ किया है कि कार्रवाई के दौरान मरीजों के स्वास्थ्य और इलाज की निरंतरता का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

जया हॉस्पिटल विवाद के बाद बढ़ी सख्ती

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले देवरिया के जया हॉस्पिटल में इलाज और कथित रूप से भारी-भरकम बिल को लेकर मरीज के परिजनों ने जमकर हंगामा किया था। इस घटना के बाद निजी अस्पतालों में मरीजों और उनके तीमारदारों से इलाज के नाम पर कथित मनमानी वसूली और शोषण के आरोपों को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया। इसी के बाद जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को जिले में संचालित निजी अस्पतालों की जांच करने और अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

Location :  Deoria News

Published :  8 August 2026, 5:32 PM IST

Related News

Advertisement