छात्रों के बीच में पीएम मोदी बोले- मैं बाबा बागेश्वर नहीं हूं, पढ़ें दिल्ली की यह खास खबर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने IIT दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छात्र केवल डिग्री नहीं बल्कि देश के लिए कुछ करने का सपना लेकर जा रहे हैं। समारोह में AI से जुड़ी नई पहलों की शुरुआत भी हुई और मेडल विजेताओं को सम्मानित किया गया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 8 August 2026, 6:11 PM IST
google-preferred

New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए उनकी मेहनत और उपलब्धियों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां से निकलने वाले छात्र सिर्फ डिग्री लेकर नहीं जा रहे, बल्कि देश के लिए कुछ बड़ा करने का सपना और विजन लेकर आगे बढ़ रहे हैं। समारोह में प्रधानमंत्री ने मेडल हासिल करने वाले सभी छात्रों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

"मन में भविष्य की तस्वीर लेकर बैठे हैं छात्र"

प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रों से बातचीत के दौरान हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि वह जानते हैं कि इस समय हर छात्र के मन में भविष्य को लेकर कई तरह के विचार चल रहे होंगे। उन्होंने कहा कि हर छात्र अपने आने वाले जीवन की एक तस्वीर मन में बनाकर चलता है। मोदी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह बाबा बागेश्वर नहीं हैं, लेकिन छात्रों के मन में चल रही बातों को महसूस कर सकते हैं। प्रधानमंत्री की इस बात पर पूरे परिसर में हंसी गूंज उठी।

मेडल विजेताओं को दी शुभकामनाएं

उन्होंने कहा कि आज का दिन छात्रों के लिए केवल उपाधि हासिल करने का दिन नहीं है, बल्कि यह नए सफर की शुरुआत है। यहां से निकलने वाले युवा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रधानमंत्री ने दीक्षांत समारोह में पदक हासिल करने वाले छात्रों को विशेष बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन छात्रों ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है। मोदी ने इच्छा जताई कि मेडल पाने वाले छात्रों में बेटियों की संख्या और अधिक होती तो यह और बेहतर होता। उन्होंने कहा कि देश की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और उनकी भागीदारी लगातार बढ़नी चाहिए।

Location :  New Delhi

Published :  8 August 2026, 6:11 PM IST

Advertisement