देवरिया में जलभराव के बीच सर्पदंश की घटनाओं में इजाफा, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दी यह विशेष सलाह

बरसात के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे सर्पदंश का खतरा भी बढ़ गया है। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि सांप काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाएं।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 8 August 2026, 3:00 PM IST
google-preferred

Deoria: देवरिया में लगातार हो रही बारिश के कारण खेतों, जलभराव वाले इलाकों और घरों के आसपास सांपों का निकलना बढ़ गया है। ऐसे में सर्पदंश की घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसम में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, ताकि किसी भी हादसे से बचा जा सके।

महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के फिजिशियन डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में 24 घंटे एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध रहता है। जरूरत पड़ने पर मरीज को यह दवा पूरी तरह निशुल्क दी जाती है। उन्होंने कहा कि सांप विषैला है या नहीं, इसका पता केवल मरीज के लक्षणों और चिकित्सकीय जांच के आधार पर ही लगाया जाता है।

इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें

डॉ. गुप्ता ने बताया कि कई बार व्यक्ति को यह पता भी नहीं चलता कि उसे सांप ने काटा है। यदि किसी व्यक्ति को अचानक सांस लेने में परेशानी, गले में दर्द, पलकों का झुकना, बोलने में दिक्कत या शरीर में कमजोरी महसूस हो और वह खेत या खुले स्थान पर गया हो, तो इसे संभावित सर्पदंश मानकर तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें: Deoria: जिस बेटे से घर चलाने की थी उम्मीद, उसी की मस्कट से आई मौत की खबर! परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

झाड़-फूंक और घरेलू इलाज से बचें

विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या घरेलू उपचार में समय गंवाना मरीज की जान के लिए खतरा बन सकता है। समय पर इलाज मिलने से अधिकांश मरीजों की जान बचाई जा सकती है। इसलिए किसी भी तरह की अफवाह या अंधविश्वास पर भरोसा करने के बजाय तुरंत चिकित्सा सहायता लें।

क्या करें और क्या न करें

डॉक्टरों ने सलाह दी कि सांप काटने पर घाव वाले स्थान पर रस्सी, कपड़ा या पट्टी कसकर न बांधें। घाव पर किसी प्रकार का कट भी न लगाएं। मरीज को शांत रखें और कम से कम हिलाते हुए जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाएं।

बरसात के मौसम में जमीन पर सोने से बचें और मच्छरदानी का उपयोग करें। सांप को पकड़कर अस्पताल लाने की कोशिश न करें। यदि सुरक्षित दूरी से उसकी तस्वीर ली जा सके तो उसे डॉक्टरों को दिखाया जा सकता है, जिससे इलाज में सुविधा हो सकती है।

यह भी पढ़ें: Deoria: मेडिकल स्टोर्स में अचानक घुसे ड्रग इंस्पेक्टर, फिर जो सामने आया, देख उड़ गए सबके होश

सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि जागरूकता और समय पर इलाज ही सर्पदंश से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। बरसात के मौसम में थोड़ी सी सावधानी अपनाकर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।

Location :  Deoria

Published :  8 August 2026, 3:00 PM IST

Advertisement