

गोपालपुर से माल्हनपार जाने वाले सड़क मार्ग पर हरपुर के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित बोलोरो गाड़ी ने बाइक सवार को कुचल दिया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
मृतक
गोरखपुर: गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। जहां गोपालपुर से माल्हनपार जाने वाले सड़क मार्ग पर हरपुर के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित बोलोरो गाड़ी ने बाइक सवार शम्भू (35 वर्ष) को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि शम्भू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बोलोरो चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
डाइनामाइट न्यूज़ के संवादाता के अनुसार, घटना बांसगांव थाना क्षेत्र के पैसा गांव निवासी शम्भू पुत्र राम बहादुर बुधवार की सुबह अपनी बाइक से रिश्तेदार को गोला थाना क्षेत्र के ऊंचागांव छोड़ने गए थे। रिश्तेदार को छोड़कर वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान, दोपहर करीब 11:30 बजे हरपुर के पास विपरीत दिशा से आ रही बोलोरो (UP64-W-8289) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शम्भू की मौके पर ही जान चली गई।
पुलिस ने त्वरित लिया एक्शन
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही गोला पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल शम्भू को तत्काल गोला सीएचसी भेजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर शम्भू के परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बोलोरो गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल, फरार चालक की तलाश जारी है।
घर में मातम का माहौल
शम्भू की असमय मृत्यु से उनके परिवार और गांव में शोक की लहर है। परिजनों का कहना है कि शम्भू अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उनकी अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। आसपास के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर, गोला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है। साथ ही, हादसे के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। जानकारी के अनुसार, घटना के बाद, आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस तेजी से आरोपी को पकड़ने का प्रयास कर रही है।