आगरा में देर रात बड़ा सड़क हादसा हुआ, जब कैला देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद इलाके में मातम और अफरा-तफरी का माहौल है।

आगरा में दर्दनाक हादसा (Image Source: Google)
Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कैला देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो कार तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा थाना चित्राहाट क्षेत्र में हुआ, जहां बोलेरो में सवार श्रद्धालु राजस्थान से अपने घर लौट रहे थे, टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, इटावा और औरैया जिले के श्रद्धालु राजस्थान स्थित कैला देवी मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। देर रात जब उनकी बोलेरो आगरा के चित्राहाट क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी चालक का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार के कारण गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
Muzaffarnagar Crime: गऊशाला के नाम पर ठगी… 24 घंटे में पुलिस का बड़ा एक्शन, 7 आरोपी गिरफ्तार
हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने तत्काल पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया जिसमें चिकित्सकों ने जांच के बाद पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में कांता प्रसाद (70), उनके पुत्र देवेंद्र (35), देवेंद्र की पत्नी सीमा देवी (32), तीन साल की बच्ची आराध्या और औरैया निवासी ऋषि (20) शामिल हैं। वहीं रोशनी (22), अवनीश, आदित्य और ऋषभ घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। एक ही परिवार के कई लोगों की मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
Maharajganj News: असलहे के साथ दफ्तर में घुसकर अफसर पर हमला… फिर हुआ बड़ा एक्शन
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को उजागर करता है, जहां एक छोटी सी लापरवाही ने कई जिंदगियां छीन लीं।