
गिरफ्तार आरोपी
Gorakhpur : जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चोरी की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था, लेकिन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण और नकदी भी बरामद की गई है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बीते 5 जून को थाना क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उसके घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में रखे आभूषण, दो गैस सिलेंडर और 15 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बांसगांव के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बांसगांव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गोरखपुर साइबर ठगों का बड़ा क्रैकडाउन, मर्चेंट QR कोड से चला रहे थे करोड़ों का नेटवर्क, 3 गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मदन पासवान पुत्र रामधारी निवासी जरलही, थाना बांसगांव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी बिछिया, एक चेन और 1,120 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी भी की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में चोरी गए अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने वारदात अकेले अंजाम दी थी या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे। पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अभिजीत कुमार उपाध्याय, कांस्टेबल दीपक कुमार यादव, कांस्टेबल जय प्रकाश यादव और कांस्टेबल संजीव कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में अपराध और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
Location : Gorakhpur
Published : 11 June 2026, 2:52 AM IST