हिंदी
जिले के परसा मलिक थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया। जब नौतनवा–ठूठीबारी मुख्य मार्ग किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। जानिए पूरी ख़बर
परसा मलिक थाना
महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां जिले के परसा मलिक थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब नौतनवा–ठूठीबारी मुख्य मार्ग किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। शव से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को इस बात की भनक लगी और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतका की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन देर शाम तक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई।
क्या है पूरी खबर
मृतका की उम्र लगभग 35 वर्ष आंकी जा रही है। वह गुलाबी रंग की सलवार और हल्के सिंदूरी रंग की छींटदार कमीज पहने हुई थी। उसके बाएं हाथ में सफेद कड़ा और दाहिने पैर में काला धागा बंधा हुआ था। इन पहचान चिन्हों के आधार पर पुलिस मृतका की पहचान स्थापित करने की कोशिश कर रही है।
जांच में जुटी पुलिस
शव की बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए महराजगंज के मर्चरी हाउस भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को महिला या उसके परिजनों के बारे में जानकारी हो तो तुरंत परसा मलिक थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें, ताकि मृतका की पहचान और मामले की सच्चाई सामने आ सके।
मौत के कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है, जिसमें हत्या, हादसा या अन्य कारण शामिल हो सकते हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो पाएगा।
‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत रैली निकालकर बढ़ाई जागरूकता, जानें पूरी खबर