हिंदी
थाना क्षेत्र जलेसर
Etah: जनपद के जलेसर रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक अज्ञात युवक ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ प्लेटफॉर्म पर जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन गुजरने के बाद पटरी के पास युवक का शव पड़ा मिला, जिससे स्टेशन पर हड़कंप की स्थिति बन गई। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल मामले की सूचना जीआरपी को दी और ट्रैक के आसपास लोगों को हटाकर व्यवस्था बहाल कराई।
मृतक की तलाशी के दौरान पुलिस को उसकी जेब से एटा जाने वाली ट्रेन का टिकट मिला है। इससे यह संभावना जताई जा रही है कि युवक एटा की ओर यात्रा करने वाला था। हालांकि उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त में दिक्कत आ रही है। युवक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच आंकी गई है। वह सफेद शर्ट और ग्रे रंग का लोअर पहने हुए था। पुलिस आसपास के थानों और लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि मृतक की पहचान जल्द हो सके।
घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ प्लेटफॉर्म पर जुट गई
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार, जानें क्यों आधी रात के बाद पुलिस ने लिया एक्शन?
सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से कटने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि यह हादसा है या आत्महत्या, इसकी जांच की जा रही है। स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पहचान होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Etah
Published : 24 February 2026, 11:32 AM IST