नोएडा में अपराधियों से ज्यादा जानवरों का खौफ, पांच महीनों में 74 हजार लोगों पर अटैक, पढ़ें ताजा रिपोर्ट

जनपद में जानवरों का आतंक अपराधियों से ज्यादा हो गया है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 22 June 2025, 12:21 PM IST
google-preferred

नोएडा: देश की राजधानी दिल्ली से सटे हाईटेक शहर नोएडा में जानवरों के हमलों की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। गौतमबुद्ध नगर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों ने प्रशासन और आमजन दोनों की चिंता बढ़ा दी है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी 2025 से लेकर मई 2025 तक यानी महज 5 महीनों में कुल 74,550 लोगों को कई जानवरों ने काटा है। सबसे ज्यादा हमले आवारा कुत्तों द्वारा किए गए हैं। कुल मामलों में से 52,714 लोगों को आवारा कुत्तों ने काटा। जबकि 16,474 मामले पालतू कुत्तों से जुड़े हैं। इसके अलावा बंदरों द्वारा 3,833 और बिल्लियों द्वारा 1,179 हमलों की भी पुष्टि की गई है। औसतन हर महीने 15,000 से अधिक लोग और हर दिन लगभग 500 लोग इन हमलों का शिकार बन रहे हैं।

प्रशासन ने माना खतरा

इस alarming स्थिति को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने इससे निपटने के लिए ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। गौतमबुद्ध नगर के डिप्टी सीएमओ डॉ. टीकम सिंह ने जानकारी दी कि जानवरों के हमलों में हो रही वृद्धि अब एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट बन चुकी है। डॉ. टीकम सिंह ने बताया कि हमने नोएडा अथॉरिटी और जिले के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (CVO) के साथ मिलकर पूरे जिले में उन स्थानों की पहचान शुरू कर दी है। जहां जानवरों के हमलों की घटनाएं सबसे ज्यादा दर्ज हो रही हैं। इन इलाकों को ‘हॉटस्पॉट’ के रूप में चिन्हित किया जाएगा।

रोकथाम, टीकाकरण और रेस्क्यू की तैयारी

हॉटस्पॉट की पहचान के बाद संबंधित इलाकों में जागरूकता अभियान, टीकाकरण, जनवरी से विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन और पशु नियंत्रण अभियान चलाए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य है कि आवारा जानवरों की संख्या को नियंत्रित किया जा सके और लोगों को सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जाए।

विशेषज्ञों की राय

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम में जानवर अधिक आक्रामक हो जाते हैं। भोजन और पानी की कमी उन्हें आबादी वाले इलाकों में खींच लाती है। इसके अलावा आवारा जानवरों के लिए रेगुलर टीकाकरण, नसबंदी और आश्रय स्थलों की कमी भी इस संकट को और गंभीर बना रही है।

जनता से सहयोग की अपील

डॉ. टीकम सिंह ने आम लोगों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग आवारा जानवरों को खाना देने से पहले सावधानी बरतें। किसी भी काटने की घटना के तुरंत बाद पास के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाएं।

Location :