हिंदी
दहेज की हैवानियत की हद
महराजगंज: जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपराबाबू में दहेज उत्पीड़न और हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां रहने वाली प्रियंका पटेल ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर मारपीट, जानलेवा हमले और दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
क्या है पूरी खबर?
पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व रामसंजेश पुत्र पारस के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में पैसे की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की
महिला ने बताया कि 20 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7 बजे उसका पति रामसंजेश, ससुर पारस, प्रेमलता, गुड़िया और संजय ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की और उसकी आंख फोड़ने की कोशिश की। साथ ही धमकी दी कि अगर वह मायके से पैसे नहीं लाएगी तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
लगातार अपमानित और प्रताड़ित
किसी तरह जान बचाकर भागी पीड़िता ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तत्काल कोई सख्त कार्रवाई नहीं होने का आरोप भी सामने आया है। पीड़िता ने यह भी बताया कि उसके चरित्र पर संदेह कर उसे लगातार अपमानित और प्रताड़ित किया जाता रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 115(2), 351(3) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 व 4 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Location : Maharajganj
Published : 23 April 2026, 9:31 PM IST