हिंदी
बेटे के साथ मां का फोटो (Image: X)
शाश्वत राय इलाहाबाद में रहकर पढ़ाई कर रहा था। मूलरूप से वह मेंहदावल के अव्वल केवटलिया मोहल्ले का रहने वाला था। पिछले पांच साल से उसके माता-पिता और चार साल की छोटी बहन खलीलाबाद शहर में किराये के मकान में रह रहे थे। उसके पिता संजय राय सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि मां अनिता राय एक निजी स्कूल में पढ़ाती हैं। परिजनों के मुताबिक, रविवार रात करीब आठ बजे शाश्वत बाइक लेकर नया गिटार खरीदने निकला था। गिटार लेने के बाद वह घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गया।
अपने पिता-माता के साथ शाश्वत
शाश्वत के चाचा संजित राय ने बताया कि उनका भतीजा गिटार लेकर घर लौट रहा था। नूर मस्जिद के सामने ओवरब्रिज से गुजरते समय पीछे से किसी गाड़ी ने टक्कर मार दी। इसके बाद वह फ्लाईओवर से नीचे गोलाबाजार के पास पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर जा गिरा। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर को लेकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पोस्टमॉर्टम हाउस पर भी परिचितों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी।
परिजनों के मुताबिक, शाश्वत पढ़ाई में बेहद होनहार था। उसने हाईस्कूल की परीक्षा में 92.4 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। उसकी इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने भी उसे सम्मानित किया था। शाश्वत का सपना इंजीनियर बनने का था। उसने आईईआरटी की परीक्षा में 500वीं रैंक हासिल की थी। चाचा ने बताया कि नवरात्रि से दो दिन पहले शाश्वत घर आया था। सोमवार को उसे वापस इलाहाबाद लौटना था और इसके लिए सामान की पैकिंग भी हो चुकी थी। घर से निकलते समय उसने मां से कहा था कि दो मिनट में गिटार लेकर आ रहा हूं। परिवार को क्या पता था कि उसकी यह छोटी-सी बात आखिरी याद बन जाएगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम हाउस पर लोगों का पहुंचना जारी रहा। मेंहदावल के विधायक अनिल त्रिपाठी और सपा नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जयराम पांडेय भी वहां पहुंचे। दोनों ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर दुख जताया और उन्हें ढांढस बंधाया। फिलहाल, इस हादसे से परिवार और इलाके में शोक का माहौल है। एक होनहार किशोर का इंजीनियर बनने का सपना अधूरा रह गया। जिस बेटे के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद माता-पिता ने संजोई थी, उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
Location : Sant Kabir Nagar
Published : 26 October 2026, 2:42 PM IST