देवरिया : अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप, किशोरी ने छोड़ा सुसाइड नोट

देवरिया के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक किशोरी की आत्महत्या के बाद सनसनी फैल गई है। परिजनों ने एक युवक पर दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और उसके परिजनों पर मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 17 June 2026, 4:42 AM IST
google-preferred

Deoria : जिले में एक किशोरी की आत्महत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली किशोरी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि युवती लंबे समय से मानसिक दबाव और धमकियों का सामना कर रही थी। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दुष्कर्म और वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप

मृतका की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि अंश उर्फ ढक्कन नामक युवक ने उनकी पुत्री के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया था। आरोप है कि आरोपी ने किशोरी का अश्लील वीडियो भी बना लिया था और उसे वायरल करने की धमकी दे रहा था। परिजनों के अनुसार इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जिससे किशोरी लगातार तनाव में थी।

घर में घुसकर मारपीट और धमकी देने का आरोप

परिजनों का यह भी आरोप है कि जब इस विवाद की जानकारी आरोपी पक्ष को हुई तो आरोपी के परिवार के कई लोग एकजुट होकर किशोरी के घर पहुंच गए। आरोप है कि घर में घुसकर किशोरी के साथ मारपीट की गई और उसे तथा उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। परिजनों ने बताया कि इस घटना के बाद किशोरी बेहद परेशान और डरी हुई रहने लगी थी।

सुसाइड नोट मिलने की चर्चा, जांच में जुटी पुलिस

परिजनों के मुताबिक घटना के अगले दिन किशोरी ने एक सुसाइड नोट लिखने के बाद आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस अभी सुसाइड नोट की जांच और सत्यापन में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

देवरिया: पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल

10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मृतका की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी अंश उर्फ ढक्कन, शांति देवी, ओमप्रकाश, छाया, माया समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सदर कोतवाल राकेश कुमार राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं घटना के बाद पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

Location :  Deoria

Published :  17 June 2026, 3:44 AM IST

Advertisement