मुजफ्फरनगर में कुत्तों के झुंड के हमले ने खोली अस्पताल की पोल, हरेन्द्र मलिक बोले- जिम्मेदारी तय होनी चाहिए

मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में कुत्तों के हमले में घायल हुई तीन वर्षीय मासूम बच्ची से मिलने सपा सांसद हरेन्द्र मलिक पहुंचे। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं और सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासन को जिम्मेदारी तय करने की नसीहत दी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 17 June 2026, 2:27 AM IST
google-preferred

Muzaffarnagar : जिला अस्पताल में उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई जब समाजवादी पार्टी के सांसद हरेन्द्र मलिक मंगलवार को अचानक अस्पताल पहुंचे और कुत्तों के हमले में घायल हुई तीन साल मासूम बच्ची का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पूरे मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए।

अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सांसद हरेन्द्र मलिक ने कहा कि अस्पताल परिसर में कुत्तों के झुंड का हमला होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर मरीजों की सुरक्षा सबसे अहम होनी चाहिए। वहीं इस तरह की घटनाएं प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल और ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

“जिम्मेदारी तय करनी होगी”

सांसद ने साफ शब्दों में कहा कि यदि संबंधित अधिकारी व्यवस्था संभालने में सक्षम नहीं हैं तो उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी देकर जिम्मेदारी तय करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें मिलती रहती हैं। अब मासूम बच्ची पर हुआ हमला गंभीर चिंता का विषय है।

मुजफ्फरनगर में दलित युवती से गैंगरेप, पुलिस एनकाउंटर में उमर के पैर में लगी गोली

भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के आरोप

हरेन्द्र मलिक ने अस्पताल प्रशासन पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें यहां भ्रष्टाचार और अभद्रता की शिकायतें मिलती रहती हैं। उन्होंने कहा कि केवल कागजों में सुधार के दावे करने से काम नहीं चलेगा। व्यवस्थाओं को धरातल पर सुधारना होगा। हर मरीज की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

सरकार पर भी साधा निशाना

इस दौरान सांसद ने राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल के अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने के दावों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी है और उन्हें काम करने से किसी ने नहीं रोका है। उन्होंने कहा कि केवल घोषणाओं से जनता को संतुष्ट नहीं किया जा सकता। वास्तविक सुविधाएं अस्पतालों में दिखाई देनी चाहिए।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  17 June 2026, 2:27 AM IST

Advertisement